. कुजू : कुजू कोयलांचल क्षेत्र में भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और आस्था के साथ मनायी गयी. इस दौरान कुजू, ओरला, तोपा, सारूबेड़ा, सांडी, बोंगाबार, दिगवार, पोचरा, करमा, रतवे, छोटकी डूंडी सहित आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठानों, वर्कशॉप, गैराज एवं पूजा पंडालों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. लोगों ने भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि, कार्यों में सफलता और प्रतिष्ठानों की उन्नति की कामना की. कई स्थानों पर आकर्षक सजावट और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
विश्वकर्मा पूजा को लेकर क्षेत्र के कारीगरों, वाहन चालकों, श्रमिकों और व्यवसायियों में भी उत्साह देखा गया. विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर अपने औजारों, मशीनों और वाहनों की भी पूजा-अर्चना की.
