जिला परिषद की अस्थायी समिति की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि योजनाओं पर चर्चा

360°

पंडरी उर्दू मध्य विद्यालय का नया भवन बनाने और उर्दू शिक्षक की बहाली का आश्वासन, 3 अक्टूबर को सभी प्रखंडों में लगेंगे आभा कार्ड शिविर, आभा कार्ड बनवाने हेतु जागरूकता के साथ 3 अक्टूबर को प्रखंडों में लगेगा कैंप: आदिल

Eksandeshlive Desk

रांची: जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने सोमवार को जिला परिषद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिला परिषद की अस्थायी समिति की बैठक में कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जिले के संबंधित पदाधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को गांव, घर और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना था। आदिल अजीम ने बताया कि बैठक में विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को सदस्यों ने प्रमुखता से उठाया। इसमें चान्हो प्रखंड के पंडरी गांव स्थित उर्दू मध्य विद्यालय की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी शामिल था। उन्होंने कहा कि विद्यालय की स्थिति से पहले ही जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को अवगत कराया गया था। उस समय विद्यालय के पुराने भवन को तोड़कर नया भवन बनाने और निर्माण कार्य पूरा होने तक बच्चों को दूसरे भवन में स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बैठक में इस मुद्दे को फिर से उठाया गया है और जल्द ही विद्यालय के नए भवन के निर्माण की उम्मीद जताई गई है। साथ ही विद्यालय में उर्दू शिक्षक की कमी का मामला भी उठाया गया। संबंधित अधिकारियों ने जल्द उर्दू शिक्षक की बहाली का आश्वासन दिया है।

आभा कार्ड बनवाने की अपील: आदिल अजीम ने आभा (ABHA) कार्ड के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोगों में जागरूकता की कमी के कारण अभी भी बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने जिले के लोगों से जल्द से जल्द आभा कार्ड बनवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि आभा कार्ड के माध्यम से व्यक्ति के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर दूसरे शहर या राज्य के अस्पताल में इलाज के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि रांची सदर अस्पताल ने आयुष्मान भारत योजना के तहत बेहतर कार्य किया है। इसी तरह आभा कार्ड के निर्माण और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए। आदिल अजीम ने बताया कि आभा कार्ड बनाने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में 3 अक्टूबर को शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से शिविरों में पहुंचकर अपना आभा कार्ड बनवाने की अपील की। अंत में उन्होंने कहा कि जिला परिषद की अस्थायी समिति की बैठक सफल रही और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए आगे भी लगातार प्रयास किए जाएंगे। अस्थायी समिति के सभी सदस्य, जिला पदाधिकारी समेत इससे जुड़े सभी लोग उपस्थित थे।

Spread the love