केंद्रीय दुर्गा पूजा समन्वय समिति सिमडेगा का गठन, अनूप केसरी बने अध्यक्ष

Ek Sandesh Live Religious

केंद्रीय समिति के विस्तार में प्रखंड के लोग भी होंगे समिति में शामिल

AMIT RANJAN

सिमडेगा: जिले में दुर्गा पूजा को एकरूपता और भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से मंगलवार को आनंद भवन स्थित धर्मशाला में केंद्रीय दुर्गा पूजा समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिमडेगा जिले के 10 प्रखंडों के अंतर्गत आने वाले सभी 55 पूजा पंडालों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू ने की। बैठक के दौरान दुर्गा पूजा के आयोजन, विसर्जन, धार्मिक कार्यक्रम, पूजा विधि, पंडालों की व्यवस्था, सुरक्षा, वॉलंटियर्स सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पूजा समितियों ने अपने-अपने प्रखंडों में होने वाले कार्यक्रमों एवं तैयारियों की जानकारी साझा की। बैठक में सर्वसम्मति से अनूप केशरी को केंद्रीय दुर्गा पूजा समन्वय समिति का अध्यक्ष, विकास साहू को सचिव तथा दीपक अग्रवाल ‘रिंकू’ को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं समिति के अन्य पदाधिकारियों का विस्तार जल्द किया जाएगा। इसमें 10 संरक्षक, 5 उपाध्यक्ष, 5 उपसचिव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा जिले के सभी प्रखंडों एवं पूजा समितियों से भी जिला समिति में शामिल किया जाएगा। समिति के विस्तार के बाद सभी पदाधिकारियों की सूची जारी की जाएगी, जिससे जिले की सभी पूजा समितियों को केंद्रीय स्तर पर एकजुट कर बेहतर समन्वय के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन कराया जा सके। पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू ने कहा कि जिले में मां दुर्गा की आराधना उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ हो, इसके लिए सभी पूजा समितियों एवं समाज के लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा।उन्होंने बताया कि केंद्रीय समिति का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा। इस दौरान दुर्गा पूजा के दौरान पूजा समितियों को होने वाली समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक विषयों पर चर्चा की जाएगी, ताकि पूजा शुरू होने से पहले प्रशासन के स्तर पर समस्याओं का समाधान किया जा सके।
बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों पूजा समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love