Eksandeshlive Desk
मस्कट/नई दिल्ली: हाेर्मुज जलडमरूमध्य में एक कुवैती झंडे वाले क्रूड ऑयल टैंकर एमटी काज़िमाह III को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाए जाने के बाद उसमें सवार पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। भारतीय दूतावास, मस्कट ने राहत एवं बचाव अभियान में समन्वय किया और सभी पांचों भारतीयों को सुरक्षित रूप से तट पर पहुंचाया गया। ओमान में माैजूद भारतीय दूतावास ने बताया कि एमटी काज़िमाह III होर्मुज़ जलडमरू से गुजर रहा था, तभी उस पर एक प्रोजेक्टाइल आकर लगा। घटना के बाद जहाज पर मौजूद पांच भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया। दूतावास के अनुसार, सभी पांच भारतीयों को सुरक्षित रूप से तट पर पहुंचा दिया गया है। दूतावास ने इस अभियान में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया है। उपलब्ध आधिकारिक जानकारी में अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि प्रोजेक्टाइल किस पक्ष की ओर से दागा गया था। रिपोर्टों के अनुसार एमटी काज़िमाह III एक क्रूड ऑयल टैंकर है और कुवैत के झंडे के नीचे संचालित होता है। घटना के समय यह लॉमे, टोगो की ओर जा रहा था।
रूस ने भारत से जब्त टैंकर पर मौजूद रूसी चालक दल की रिहाई का किया आग्रह
मॉस्को: रूस ने भारत से जब्त टैंकर पर मौजूद रूसी चालक दल के सदस्यों की रिहाई का आग्रह किया है। इस साल मई से 23 नाविकों वाला यह जहाज पारादीप बंदरगाह के पास खड़ा है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने शनिवार को रूसी समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती को बताया कि रूसी राजनयिक मिशन भारतीय अधिकारियों से जब्त किए गए जहाज पर मौजूद रूसी चालक दल को रिहा करने के लिए कदम उठाने का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “इस समय, नई दिल्ली में रूसी दूतावास और कोलकाता में रूसी वाणिज्य दूतावास संबंधित एजेंसियों और भारत के केंद्रीय व क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। वे उनसे आग्रह कर रहे हैं कि चालक दल से जुड़े इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।” कैमरून के झंडेवाले इस टैंकर को मई में भारत के तट पर जब्त किया गया था। यह कार्रवाई जहाज के मालिक पर स्थानीय ईंधन आपूर्तिकर्ता का बकाया होने से जुड़े एक व्यावसायिक विवाद के कारण की गई थी। तब से, 23 नाविकों वाला यह जहाज़ पारादीप बंदरगाह के पास खड़ा है।
