रिम्स में फाउंडेशन कोर्स आरोहण-2026 का हुआ भव्य समापन
रांची। रिम्स में नए एमबीबीएस छात्रों के लिए आयोजित फाउंडेशन कोर्स आरोहण-2026 का शनिवार गरिमापूर्ण समारोह के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान नए बैच के विद्यार्थियों के लिए वाइट कोट सेरोमनी का आयोजन किया गया तथा उन्हें महर्षि चरक शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ सेवा, करुणा, नैतिकता व मूल्यों को अपने पेशे का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। समापन समारोह में रिम्स के निदेशक, डीन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, प्रो. इंचार्ज स्टूडेंट सेक्शन, कोआॅर्डिनेटर, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों एवं शिक्षकों ने नए बैच के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए चिकित्सा शिक्षा के दौरान अनुशासन, संवेदनशीलता, टीम भावना तथा मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया। फाउंडेशन कोर्स आरोहण-2026 के दौरान विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराने के साथ-साथ व्यावसायिक व्यवहार, संचार कौशल, नैतिक मूल्यों, टीमवर्क एवं समग्र व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया गया। पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक वातावरण से परिचित कराते हुए टइइर की नियमित पढ़ाई के लिए तैयार करना रहा। समारोह के दौरान फाउंडेशन कोर्स के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले फैकल्टी फैसिलिटेटर्स व वॉलेंटियर्स को उनके योगदान के लिए प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। रिम्स प्रशासन ने फाउंडेशन कोर्स के आयोजन में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर नए बैच के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए संस्थान की ओर से उन्हें अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज एवं मानवता की सेवा के लिए करने का संदेश दिया गया। रिम्स के नए एमबीबीएस बैच की नियमित शैक्षणिक कक्षाएं 5 अक्टूबर सोमवार से प्रारंभ होंगी। इसके साथ ही नए बैच के विद्यार्थी अपने नियमित चिकित्सा शिक्षा व प्रशिक्षण की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
