अशोक अनन्त
हंटरगंज (चतरा ): प्रखंड के चौखड़ा स्थित परशुराम नगर में जन कल्याण सेवा न्यास के तत्वावधान में एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।मुख्य अतिथि ने दिया प्रेरणादायी संदेश:कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में गुजरात के वड़ोदरा से विशेष रूप से पधारे स्वामी श्री श्री 1008 वेंकटेश्वराचार्य जी महाराज उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान के राजेश भारती ने किया।
अपने संबोधन में महाराज श्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ (समाज के अंतिम व्यक्ति का उदय) के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे पिछड़े और गरीब व्यक्ति का कल्याण ही वास्तविक राष्ट्र सेवा है। हमें उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है। विधायक जनार्दन पासवान ने कहा की समाज सुधार,सेवा और कर्म संस्कृति के क्षेत्र में जन कल्याण सेवा न्यास अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, इसके लिए हमसे जो भी हो सकेगा हर संभव प्रयास करेंगें।
उत्तर प्रदेश से आए राजेश शर्मा और धर्म जागरण के प्रांत संयोजक विक्रम शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने पंडित जी के एकात्म मानववाद के दर्शन को आज के समय में बेहद प्रासंगिक बताया। श्री जन कल्याण सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. कान्हू मलिक ने भी अपने विचार साझा करते हुए शिक्षा और सामाजिक चेतना पर बल दिया।
गणमान्य जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति: इस भव्य समारोह को सफल बनाने में सेवा न्यास के इन्द्रपाल, सेवानिवृत शिक्षक श्याम सिंह, विजय सिंह, बैजु सिंह, परशुराम कृष्ण सेवा संस्थान के संस्थापक परशुराम शरण,अध्यक्ष जितेन्द्र रजक, दिलीप साहू, माया नंद साहू, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा, रोहित सिंह, राहुल सिंह, उदय सिंह समेेत अन्य समाजसेवी व कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में सैकड़ो महिलाएं तथा स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
