जितिया विसर्जन और नहाने के क्रम में तालाब में डूबने से किशोर की मौत

360°

Eksandeshlive Desk

पलामू: पलामू जिले में जितिया विसर्जन और नहाने के दौरान तालाब में डूबने से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना उसकी मां की मौजूदगी में हुई। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मची हुई है। जितिया पर्व की खुशियां मातम में बदल गई है। बताते चले कि जितिया पर्व संतान की दीर्घायु के लिए किया जाता है, लेकिन पर्व करने के बाद हादसा होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के खाटीन गांव के गुलहरिया तालाब-आहार में हुई। मृतक बच्चे की पहचान इसी गांव के रहने वाले उपेंद्र गुप्ता के 13 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है।

उपेंद्र की पत्नी जितिया विसर्जन करने के लिए रविवार सुबह 6 बजे गुलहरिया तालाब में गई थी। उसके साथ उसका 13 वर्षीय पुत्र राकेश भी साथ में गया था। तालाब में काफी भीड़ थी। साथ में नहाने के क्रम में अचानक राकेश गहरे पानी में समा गया। घटना उसकी मां की मौजूदगी में हुई, लेकिन नहा कर मंदिर जाने के क्रम में महिला को एहसास हुआ कि उसका पुत्र साथ नहीं आया है। उसकी खोजबीन शुरू की गई। काफी देर बाद तालाब के गहरे पानी से राकेश को निकाला गया और इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। राकेश दो भाई एक बहन में सबसे बड़ा था। राकेश के पिता उपेंद्र गुप्ता पारा शिक्षक रह चुके हैं। पारा शिक्षक पद से हटाए जाने के बाद निजी स्कूल का संचालन करते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर छतरपुर पुलिस ने घटनास्थल और अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की तैयारी है।

Spread the love