रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा बैठक सोमवार से, रेपो रेट में 0.25 फीसदी की वृद्धि संभव

Business

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की तीन दिवसीय द्वमासिक मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की समीक्षा बैठक सोमवार से शुरू होगी। रिजर्व बैंक गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में मुंबई में अयोजित ये बैठक 5 से 7 अक्टूबर तक चलेगी। आर्थिक मामलों के जानकारों का कहना है कि इस बार नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट में 0.25 फीसदी बढ़ोतरी किए जाने की संभावना है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में छह सदस्यों वाली एपपीसी की तीन दिनों तक चलने वाली समीक्षा बैठक में महंगाई, आर्थिक गतिविधियों और नीतिगत ब्याज दरों (रेपो रेट) की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

रिजर्व बैंक गवर्नर संजय मल्होत्रा 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे मौद्रिक नीति के फैसले की जानकारी देंगे। अर्थशास्त्रियों और बैंक अधिकारियों का मानना है पश्चिम एशिया संकट के दोबारा गहराने से पैदा हुए मुद्रास्फीति के दबाव के बीच रिजर्व बैंक अक्टूबर की मौद्रिक नीति की समीक्षा में रेपो रेट में 0.25 फीसदी की वृद्धि कर सकता है। इससे पहले ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने अक्टूबर-दिसंबर की मौद्रिक समीक्षा की बैठकों में नीतिगत दर रेपो रेट में 0.25-0.25 फीसदी तक की बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। उल्लेखनीय है कि आरबीआई ने अगस्त में हुई पिछली एमपीसी बैठक में रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर बरकरार रखा था। 2023 के बाद यह पहली बार होगा जब आरबीआई ब्याज दरों में बढ़ोतरी करेगा।

Spread the love