Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम: टाटा-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के इस वर्ष भी रद्द किए जाने के रेलवे के फैसले को लेकर विरोध तेज होने लगा है। सोमवार को टाटानगर स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन से मुलाकात कर सतबीर सिंह सूमो ने ट्रेन का परिचालन बंद नहीं करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन झारखंड सहित बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के यात्रियों के लिए लंबी दूरी की महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इसके रद्द होने से इन राज्यों के यात्रियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सतबीर सिंह सूमो ने एजीएम को बताया कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के बंद रहने से हजारों यात्रियों को दूसरी ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ेगा। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पर्याप्त वैकल्पिक रेल सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें अतिरिक्त परेशानी और आर्थिक बोझ उठाना पड़ सकता है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन रद्द करने के निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोहरे की संभावना को देखते हुए पिछले चार वर्षों से जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन रद्द किया जा रहा है। इस वर्ष भी ट्रेन को रद्द किए जाने की तैयारी से यात्रियों में नाराजगी है। उन्होंने रेलवे से मांग की कि कोहरे के दौरान परिचालन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करते हुए ट्रेन को पूरी तरह रद्द करने के बजाय चलाने का विकल्प तलाशा जाए। सूमो ने यह भी कहा कि रांची के जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद हटिया-आनंद विहार स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को इस वर्ष रद्द नहीं किया गया है। ऐसे में जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को भी राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने रेलवे के समक्ष यात्रियों के हित में समान नीति अपनाने और ट्रेन का परिचालन जारी रखने की मांग रखी।
दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक ने टाटानगर स्टेशन का किया निरीक्षण: दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन ने सोमवार को टाटानगर स्टेशन का निरीक्षण कर बर्मामाइंस छोर पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस से टाटानगर पहुंचने के बाद उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या तीन से स्टेशन परिसर का निरीक्षण शुरू किया। इसके बाद वे बर्मामाइंस छोर स्थित सेकेंड गेट पहुंचे, जहां स्टेशन के विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं। निरीक्षण के दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने उप महाप्रबंधक को बर्मामाइंस छोर के पार्किंग क्षेत्र में प्रस्तावित स्टेशन भवन समेत विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने फोर लेन सड़क, पार्किंग स्थल और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की वर्तमान स्थिति से भी उन्हें अवगत कराया। उप महाप्रबंधक ने निर्माण कार्यों की गति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को सड़क तथा पार्किंग का काम निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बर्मामाइंस छोर पर आधारभूत संरचना तैयार होने के बाद पोर्टिको, पार्किंग, मुख्य स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म और अन्य प्रस्तावित निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। स्टेशन के पुनर्विकास के तहत बर्मामाइंस गेट को आधुनिक यात्री सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में इन कार्यों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, सीनियर परिचालन प्रबंधक मनीष पाठक समेत चक्रधरपुर रेल मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन के विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण से जुड़ी आवश्यकताओं और आगामी चरण में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी उप महाप्रबंधक को दी।
