‘हांगकांग सिक्सेस’ में भारत की कप्तानी करेंगे भुवनेश्वर कुमार

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार आगामी हांगकांग सिक्सेस-2026 में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। टूर्नामेंट का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होगा। भारतीय टीम में भुवनेश्वर के अलावा क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी. नटराजन को शामिल किया गया है। हांगकांग सिक्सेस छह खिलाड़ियों के साथ खेला जाने वाला तेजतर्रार प्रारूप है, जिसमें खिलाड़ियों को अपनी लय बनाने के लिए ज्यादा समय नहीं मिलता। मुकाबले तेज गति वाले और अधिक स्कोर वाले होते हैं तथा आक्रामक क्रिकेट पर जोर रहता है। बल्लेबाजों को खुलकर शॉट खेलने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जबकि प्रत्येक खिलाड़ी से गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण सहित सभी विभागों में योगदान की उम्मीद रहती है।

भारतीय टीम हांगकांग सिक्सेस में बेहतर प्रदर्शन के इरादे से वापसी करेगी। भारत ने 2025 के अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम के तहत दो रन की जीत से की थी, लेकिन इसके बाद के मुकाबलों में हार के साथ उसका अभियान समाप्त हो गया था। पाकिस्तान 2026 संस्करण में गत चैंपियन के रूप में उतरेगा। उसने पिछले साल फाइनल में पदार्पण करने वाले कुवैत को हराकर हांगकांग सिक्सेस का रिकॉर्ड छठा खिताब अपने नाम किया था।इस संस्करण में आठ प्रमुख क्रिकेट देशों के अलावा चार एसोसिएट सदस्य देश हिस्सा लेंगे। तीन दिवसीय टूर्नामेंट में टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड पर तेज गति और आक्रामक क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।

Spread the love