News By Sunil
पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने एमएमडीआर बिल के खिलाफ आंदोलन का किया ऐलान, बोले- कोयला कंपनियों में एक छटाक भी खनन-परिवहन नहीं होने देंगे
केरेडारी : प्रखंड कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को केरेडारी पंचायत भवन में सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का हाथ थामा, सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकतार्ओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता ने की, जबकि संचालन इंटक प्रखंड अध्यक्ष जागेश्वर साव ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव उपस्थित रहे। कार्यकतार्ओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर बिल को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में एमएमडीआर बिल की वापसी की मांग को लेकर कांग्रेस के बैनर तले क्षेत्र में संचालित सभी कोल कंपनियों के विरुद्ध बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान कोयला खनन और परिवहन को पूरी तरह रोकने का प्रयास किया जाएगा। योगेंद्र साव ने भाजपा पर भी तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की जनता से एक भूल हुई है और वह भूल है कमल का फूल। उन्होंने कार्यकतार्ओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता, चंदन गुप्ता, निरंजन कुमार समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
सैंकड़ों लोगों ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में रंजीत रजक, अनीता कुमारी, खुशबू कुमारी, पुष्पा देवी, सवेदा खातून, अख्तरी खातून, मुनिया देवी, नागिया देवी, निशा खातून, निरंजन कुमार साव, अनुज कुमार, कैलाश साव, सूरज कुमार, सुनील कुमार, सुधीर माली, विनय कुमार साव, ओम प्रकाश सिंह, फैजल अंसारी, प्रहलाद गुप्ता, सुनीत महतो, महावीर पासवान, प्रदीप रजक, सिब्बल साव, उपेंद्र यादव, विजय भोक्ता समेत सैंकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। जबकि कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी नवीन कुमार, मंडल अध्यक्ष मकसूद आलम, महेंद्र रजक, मो. अब्बास, मोहन करमाली, महेश प्रजापति, रंजीत साव, मोहन प्रजापति समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
