मेसरा (राँची): मेसरा ओपी क्षेत्र के मरचाई निवासी सह नामकोम मिलिट्री कैंट में रह रहे बंटी कुमार के नवनिर्मित मकान से बीते 3 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने मोटर,100 मीटर वायर,ड्रिल व कटर मशीन,फैन और 20 लीटर डीजल समेत निर्माण सामग्री उड़ा ली। पीड़ित जब खोजबीन करते हुए केदल गाँव में शिव मंदिर के पास स्थित मुकेश कुमार की कबाड़ी दुकान पहुँचे,तो उनका चोरी गया सामान वहाँ रखा मिला। पूछताछ में कबाड़ी संचालक ने चोरी का सामान स्वीकार किया,जिसके बाद सूचना पर पहुँची डायल 112 पुलिस ने सामान जब्त किया। पीड़ित ने मेसरा ओपी में लिखित आवेदन देकर बाकी सामान की बरामदगी व कानूनी कार्रवाई की माँग की है। हैरानी की बात यह है कि यह विवादित कबाड़ी दुकान केदल पंचायत के मुखिया के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद लंबे समय से यहाँ इस तरह के अनैतिक कार्य धड़ल्ले से चल रहे हैं। पुलिस कार्रवाई की खबर मिलते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपनी आपबीती बताने लगे। ग्रामीणों ने खुलासा किया कि इससे पूर्व भी कई लोग इस कबाड़ी दुकान से अपना चोरी हुआ सामान बरामद कर चुके हैं,पर डर व झंझट से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि संचालक छोटे-छोटे बच्चों से भी औने-पौने दाम में चोरी का सामान खरीदता है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधि व पुलिस प्रशासन से दुकान बंद कराकर संचालक पर सख्त कार्रवाई की माँग की है।
