By Sunil
रांची। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य के महिला सुरक्षा व छात्रों से जुड़े मुद्दे, राज्य में घुसपैठ आदि मामलों को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया गया।
श्री पटेल ने कहा कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार झारखंड में सत्ता में है, लेकिन विकास के नाम पर यहां की जनता को केवल निराशा मिली। इन दलों के घोषणा पत्रों के सारे वादे झूठे साबित हुए। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है। इस राज्य के गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिला, किसान और युवा सभी वर्ग परेशान हैं। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जनहित का कोई काम नहीं किया है। छात्रों एवं युवाओं के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नौकरी भर्ती में खुलेआम पैसों का लेन देन हुआ। जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही, पीजीटी सहित कई परीक्षाएं विवादों में रहीं। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी ने लाखों युवाओं के भविष्य को रौंदने का काम किया है। युवाओं ने सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया तो उनके साथ अत्याचार किया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा और छात्र सरकार की कार्यशैली से काफी नाराज हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर बार-बार सरकार को सचेत और अवगत कराया गया परंतु सरकार हमेशा इसे अनसुनी करती रही। सरकारी तंत्र कार्रवाई की बजाय घुसपैठियों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष मदद पहुंचाने में लगी है। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। महिला सुरक्षा पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में भय का माहौल है। अपराधी बेखौफ हैं। हत्या, लूट, अपहरण, गोलीबारी खुलेआम हो रही है। सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था को तहस नहस करके छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 70 प्रतिशत से अधिक भाग पर भाजपा सरकार में है। जहां भाजपा शासित राज्य है, वहां विकास और सुशासन का काम काफी बेहतर ढंग से हो रहा है। श्री पटेल ने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करते हुए जनता और कार्यकतार्ओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। पार्टी प्रदेश के जनसरोकारों से जुड़े विषयों और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर लगातार जनता के बीच जाती रही है और आगे भी जाएगी। जनता के सवालों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह व निवेदिता सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
