Eksandeshlive Desk
देवघर: उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थियों से सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के कल्याण तथा मानव सेवा के लिए करना चाहिए। उप राष्ट्रपति शनिवार को देवघर के देवीपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दूसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। उप राष्ट्रपति ने उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संबोधन से पहले उन्होंने बाबा बैद्यनाथ को नमन किया। समारोह के संबोधित करते हुए उप राष्ट्रपति ने चिकित्सा के विद्यार्थियों से सेवाभाव, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता को अपने कार्य का मूल मंत्र बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को अपने ज्ञान और दक्षता का इस्तेमाल जनहित, सामाजिक उत्थान और मानवता की सेवा के लिए करना चाहिए।
राज्यपाल बोले-मानव सेवा हमारी पुरानी परंपरा: समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी में आयोजित एम्स के दीक्षांत समारोह में उप राष्ट्रपति की उपस्थिति सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने झारखंड की जनता की ओर से उप राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका झारखंड से पहले से जुड़ाव रहा है। राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह उनके जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों के माता-पिता और अभिभावकों को भी बधाई दी। संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि मानव की रक्षा करना और उसकी पीड़ा कम करना हमारी पुरानी परंपरा रही है। इस परंपरा को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और दक्षता के माध्यम से समाज की सेवा करने तथा जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। इससे पहले सुबह उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन देवघर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राज्यपाल संतोष गंगवार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। राज्यपाल के देवघर एयरपोर्ट पहुंचने पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने भी पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, देवघर विधायक सुरेश पासवान, एम्स के निदेशक तथा अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित थे।
