जमशेदपुर में 194वें वर्ष में प्रवेश करेगी रामलीला उत्सव समिति, 11 अक्टूबर से होगा मंचन

Religious

वृंदावन की श्री आदर्श रामलीला एवं रासलीला मंडली देगी प्रस्तुति

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: जमशेदपुर की श्री श्री रामलीला उत्सव समिति इस वर्ष अपनी ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 194वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस अवसर पर वृंदावन की सुप्रसिद्ध श्री आदर्श रामलीला एवं रासलीला मंडली को आमंत्रित किया गया है। मंडली के संचालक मंतोष दुबे हैं। यह जानकारी शनिवार को साकची स्थित रामलीला मैदान में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष मनोज मिश्रा और डॉ. डीपी शुक्ला ने दी। मनोज मिश्रा ने बताया कि समिति का उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन कर लोगों तक धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति का संदेश पहुंचाना है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वृंदावन की मंडली की प्रस्तुतियां इस वर्ष भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी।

मनोज मिश्रा ने कहा कि श्री श्री रामलीला उत्सव समिति धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। युवाओं के बीच रामचरितमानस, मानस सत्संग और अध्यात्म के प्रचार-प्रसार के माध्यम से संस्कार एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके जरिए समाज में सद्भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक विचारों को मजबूत करना समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है। मनोज मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण को भी समिति की गतिविधियों में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। लोगों को स्वच्छता, हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए वर्षभर पौधरोपण सहित विभिन्न प्रयास किए जाएंगे। समिति का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना के साथ समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने शहरवासियों से 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली रामलीला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। समिति का मानना है कि यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रेस वार्ता में पवन अग्रहरि, अनिल चौबे, रिंकू मिश्रा, पुतन मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Spread the love