मांडू/रामगढ़: मांडू प्रखंड के बसंतपुर पंचायत अंतर्गत बिरहोर टोला में डीएमएफटी (ऊटऋळ) फंड से निर्मित जलमीनार की मशीन खराब होने के कारण बिरहोर परिवारों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जलमीनार से स्थानीय परिवारों को पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन मशीन खराब होने के बाद से जलापूर्ति बाधित है।ग्रामीणों के अनुसार, मशीन की मरम्मत के लिए मिस्त्री को सूचना दी गई थी। इसके बाद मिस्त्री मौके पर पहुंचे और मशीन खोलकर ले गए। उस समय जल्द ही मशीन ठीक कर पानी की आपूर्ति बहाल करने की बात कही गई थी। हालांकि, एक माह बीत जाने के बाद भी मशीन की मरम्मत नहीं हो सकी है और जलमीनार से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है।जलमीनार बंद रहने से बिरहोर परिवारों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जलमीनार उनके दैनिक जीवन के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।मौके पर मौजूद शंकर बिरहोर, बिनोद बिरहोर, हीरालाल बिरहोर, वकील बिरहोर, रोहित बिरहोर और ठाकुर दास मुर्मू ने इस समस्या की जानकारी दी। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जिम्मेदार अधिकारियों से जलमीनार की मशीन की जल्द मरम्मत कराकर पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि बिरहोर परिवारों को राहत मिल सके।
