Eksandeshlive Desk
काठमांडू: नेपाल के हुम्ला जिले से तिब्बती भाषा की पढ़ाई के लिए भारत के देहरादून ले जाए जा रहे 10 साल से कम उम्र के 25 बच्चों को भारतीय सीमा क्षेत्र बनबसा स्थित चेकपोस्ट से वापस नेपाल भेज दिया गया है। हुम्ला जिले के सिमकोट स्थित सेयरा गांव के इन बच्चों को पंचपविर बुढ़ा कंचनपुर के गड्डाचौकी नाके से भारत ले गए थे। बनबसा चेकपोस्ट पहुंचने पर भारतीय अधिकारियों ने बच्चों को रोक दिया और उन्हें नेपाल वापस भेज दिया।
वापस लौटाए गए बच्चों को कंचनपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस बच्चों को भारत ले जाने के उद्देश्य की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि 10 साल से कम उम्र के इन 25 बच्चों को तिब्बती भाषा की पढ़ाई के लिए देहरादून ले जाया जा रहा था। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें वहां किस शैक्षणिक संस्थान में दाखिला दिलाने की तैयारी थी। बच्चों को भारत ले जाने के लिए उनके अभिभावकों की सहमति ली गई थी या नहीं, यह भी स्पष्ट नहीं है। कंचनपुर पुलिस के अनुसार मामले में विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
