Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के 42वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को बल के जवानों को शुभकामनाएं दीं और आतंकवाद के खिलाफ उनकी सतर्कता, साहस तथा कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की।प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि एनएसजी के जवान साहस, सटीकता और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। आतंकवाद के खिलाफ उनकी सतत निगरानी और देश के नागरिकों तथा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए उनकी तत्परता अपार विश्वास और गर्व की भावना जगाती है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड देश का एक विशिष्ट आतंकवाद-रोधी बल है, जिसे आमतौर पर ‘ब्लैक कैट्स’ के नाम से जाना जाता है। यह केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्य करता है और आतंकवाद से निपटने तथा विशेष सुरक्षा अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रधानमंत्री मोदी 11-12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा पर जाएंगे: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा पर जाएंगे। कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह जानकारी दी। उच्चायोग ने अपनी पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा का दौरा करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्रों में ठोस परिणाम हासिल करने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई थी। प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
