गारू: गारू बाजार में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा धूमधाम और भक्तिमय माहौल में की जा रही है। शुक्रवार को षष्ठी तिथि के अवसर पर मां दुर्गा की संध्या आरती विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक परंपरा के अनुसार, षष्ठी तिथि को बेल वृक्ष से मां दुर्गा को निमंत्रण देकर लाने की रस्म निभाई जाती है। वहीं, शनिवार को सप्तमी तिथि के अवसर पर श्रद्धालु जल उठाकर दुर्गा पंडाल पहुंचेंगे। इसके बाद विधि-विधान के साथ मां दुर्गा का कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाएगा। कपाट खुलने के बाद मां दुर्गा की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके पश्चात पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।गारू बाजार युवा शक्ति संघ की ओर से नवरात्र पूजा का आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार, उपाध्यक्ष दीपक कुमार, सचिव ललन प्रसाद, उप सचिव संजय कुमार, कोषाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद तथा उप कोषाध्यक्ष नवीन कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है। पूजा को लेकर गारू बाजार में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
