कोलेबिरा। प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में पेयजल आपूर्ति की समस्या और खराब पड़े जलमीनारों को दुरुस्त कराने की मांग को लेकर कोलेबिरा विधायक प्रतिनिधि सह कांग्रेस जिला सचिव सुलभ नेल्सन डुंगडुंग ने पेयजल विभाग के कार्यालय में बड़ा बाबू हसनैन अंसारी से मुलाकात की।इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से प्राप्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपते हुए समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग की। साथ ही पेयजल विभाग के कार्यालय को नियमित रूप से खोलने और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की बात कही। मुलाकात के दौरान सुलभ नेल्सन डुंगडुंग ने रैसियां पंचायत के बनटोली और कोलेबिरा पंचायत के सेमरटोली दक्षिणी भाग स्थित बाजार टोला में पेयजल की समस्या से विभाग को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बनटोली में लगभग 10 घर हैं, जहां ग्रामीणों के लिए केवल एक चापाकल उपलब्ध है। चापाकल खराब हो जाने पर लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यहां चारमीनार जलमीनार, नए बोरिंग और पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।वहीं, कोलेबिरा पंचायत के सेमरटोली दक्षिणी भाग स्थित बाजार टोला में लगभग 15 घरों के लिए नए चारमीनार जलमीनार और पानी कनेक्शन की आवश्यकता बताई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से दोनों स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।मौके पर सुलभ नेल्सन डुंगडुंग ने कहा कि पेयजल लोगों की बुनियादी जरूरत है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़े, यह उचित नहीं है। जिन क्षेत्रों में चापाकल खराब हैं या जलापूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां विभाग को जल्द पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विभाग से मांग की कि आवेदन में उल्लेखित समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
