राज्यपाल ने किया सीबीसी की चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन

Ek Sandesh Live States

स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026 में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से किया गया प्रस्तुत

एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही है भारत की विकास गाथा, बुकलेट का किया जा रहा है वितरण

SUNIL VERMA

रांची: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), प्रादेशिक कार्यालय द्वारा रांची क्लब में आयोजित ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ के अंतर्गत 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के विषय पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी के माध्यम से विकसित भारत @2047, आत्मनिर्भर भारत और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक एवं सहज रूप में प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहे।

चित्र प्रदर्शनी में चित्रों के माध्यम से देश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और भविष्य के लक्ष्यों को प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी देना तथा विकास प्रक्रिया में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी देखी और सीबीसी, रांची के कर्मियों से केंद्र सरकार की योजनाओं एवं विकासपरक पहलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

समारोह के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की पहल की सराहना

राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने केंद्रीय संचार ब्यूरो की चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की। रांची के विधायक सी.पी. सिंह ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सरकार की विकासपरक पहलों एवं विभिन्न योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की। रांची की महापौर रोशनी खलखो एवं उप महापौर नीरज कुमार ने भी चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में देश की विकास यात्रा, आत्मनिर्भरता के संकल्प और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई है। केंद्रीय संचार ब्यूरो की यह पहल सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की जानकारी को सरल, सहज एवं आकर्षक माध्यम से नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास है। इसके माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत @2047 के लक्ष्य और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना से परिचित कराया जा रहा है।

Spread the love