रांची मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर हुआ रेल जन संवाद-2026 का आयोजन, यात्रियों से प्राप्त किए गए सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

रांची: रांची मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार को ‘रेल जन संवाद-2026’ का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझना तथा यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन, त्योहारी सीजन की तैयारियों और रेल सेवाओं में सुधार के संबंध में उनके बहुमूल्य सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त करना था। इस कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों को अपनी बात सीधे रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर प्रदान किया गया। मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह स्वयं रांची रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रहे और उन्होंने स्टेशन के विभिन्न स्थानों पर यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं यात्रा संबंधी अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के टिकट काउंटर क्षेत्र, सामान्य यात्री प्रतीक्षालय, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, शौचालयों एवं प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया तथा इन स्थानों पर उपस्थित यात्रियों से बातचीत की। इसके अतिरिक्त, ट्रेनों से उतरकर स्टेशन पर आने वाले यात्रियों एवं यात्रा के लिए स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों से भी संवाद किया गया, ताकि विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों के अनुभवों और अपेक्षाओं को समझा जा सके।

संवाद के दौरान यात्रियों को स्टेशन परिसर में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, प्रतीक्षालयों, शौचालयों, पेयजल, प्लेटफॉर्म पर व्यवस्थाओं, यात्री सुरक्षा तथा अन्य संबंधित विषयों पर अपने सुझाव एवं समस्याएं साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यात्रियों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं के माध्यम से यह समझने का प्रयास किया गया कि वर्तमान सुविधाओं में किन क्षेत्रों में और सुधार की आवश्यकता है तथा यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं। रांची रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेल जन संवाद-2026 के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह के साथ वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार, मंडल सुरक्षा आयुक्त ए. के. पांडे तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) एस. सी. महंती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने मंडल रेल प्रबंधक के साथ स्टेशन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया तथा यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं यात्रा संबंधी अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। रांची मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी अधिकारियों की उपस्थिति में रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों ने स्टेशन परिसरों एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर यात्रियों से बातचीत की तथा उनकी शिकायतों, सुझावों और अपेक्षाओं को संकलित किया।

इस व्यापक पहल के माध्यम से मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की आवश्यकताओं को समझने और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं की पहचान करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सुझावों को तीन श्रेणियों में वर्गीकृत कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। तत्काल समाधान योग्य समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों के समन्वय से हल किए जाने वाले मामलों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा जाएगा, जबकि नीतिगत निर्णय, उच्चस्तरीय स्वीकृति अथवा दीर्घकालिक योजना से जुड़े विषयों को सक्षम स्तर पर विचारार्थ प्रस्तुत किया जाएगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य केवल यात्रियों की समस्याओं को सुनना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए व्यवस्थित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना भी है। रेल जन संवाद-2026, रेलवे और यात्रियों के बीच संवाद को मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। रांची मंडल का प्रयास है कि यात्रियों के सुझावों एवं प्रतिक्रियाओं को यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार, सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने तथा रेलवे स्टेशनों पर बेहतर व्यवस्था विकसित करने के लिए उपयोग में लाया जाए। इस पहल के माध्यम से यात्री-केंद्रित सेवाओं, जनभागीदारी और निरंतर सुधार के प्रति रांची मंडल की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया गया।

Spread the love