उपायुक्त ने छात्रावासों और जिला पुस्तकालय का किया निरीक्षण

Education Ek Sandesh Live States

खिलाड़ियों व विद्यार्थियों की सुविधाओं का लिया जायजा

खिलाड़ियों को मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन करने का दिया संदेश, छात्रावासों में सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश

सिमडेगा: जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त कंचन सिंह ने शुक्रवार देर शाम विभिन्न छात्रावासों और जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों में आवासन, खानपान, स्वच्छता, सुरक्षा, खेल प्रशिक्षण और पढ़ाई की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने हॉकी बालिका खेल छात्रावास (सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स), आदिवासी बालक छात्रावास, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बॉयज तथा इंटरनेशनल स्टेडियम स्थित हॉकी बालक खेल छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता भी परखी।

खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मैदान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अभ्यास करते हुए खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए, ताकि वे जिले का नाम देशभर में रोशन कर सकें। उन्होंने खेल के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को भी समान महत्व देने पर जोर दिया।

इसके बाद उपायुक्त ने पार्वती शर्मा इंटर कॉलेज परिसर स्थित आदिवासी बालिका छात्रावास और जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। पुस्तकालय के संचालन की जानकारी लेते हुए उन्हें बताया गया कि जिला पुस्तकालय सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक खुला रहता है। निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा को दिया गया। उपायुक्त ने बालिका छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए आवश्यक दवाओं से युक्त मेडिकल किट उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार तथा नजारत उप समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक उपस्थित थे।

Spread the love