बरही/हजारीबाग। प्रखंड के बरसोत गांव की बेटी अन्विता प्रियम ने गांव के साथ साथ पूरे जिले का मान बढ़ाया है। अन्विता प्रियम को मास्टर आफ एजुकेशन की परीक्षा में विनोबा भावे विश्विद्यालय में प्रथम आने पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार व विनोबा भावे विश्विद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने विश्विद्यालय के विवेकानंद सभागार में आयोजित 11वें दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल व सर्टिफिकेट प्रदान किया। अन्विता प्रियम को गोल्ड मेडल व सर्टिफिकेट मिलने से परिवार के साथ गांव में भी खुशियां मनाया गया। बताते चलें कि अन्विता बरसोत निवासी अश्वनी कुमार, माता चंचला मिश्रा की बड़ी पुत्री है। अश्वनी कुमार हजारीबाग के डीएवी में अंग्रेजी के शिक्षक हैं व वर्तमान में हजारीबाग के शिवपुरी में रहते हैं। बता दें कि 2023 में डॉ. भीम राव अंबेडकर की जयंती पर लोकसभा में भाषण दे चुकी हैं। भारत के सभी राज्यों के 25 प्रतिभागी में मात्र आठ प्रतिभागी ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के समक्ष बोलने का मौका मिला था। अन्विता प्रियम नेहरू युवा केंद्र संगठन से राज्य स्तरीय प्रथम विजेता भी रह चुकीं हैं। इस अवसर पर अन्विता के साथ साथ माता-पिता को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
