चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत, बदरीनाथ धाम से लौट रहा था हेलीकॉप्टर

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

ज्योतिर्मठ: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत उसमें सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ तहसील के चाई गांव के ऊपर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। सेना की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी छह लोगों की मृत्यु की पुष्टि की। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी की ओर से शुक्रवार शाम 5:30 बजे जारी प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ धाम से देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए दोपहर करीब 1:12 बजे उड़ान भरी थी। इसके बाद करीब दो बजे ज्योतिर्मठ तहसील के चाई गांव के ऊपर पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने हेलीकॉप्टर में पायलट समेत सवार सभी छह लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु होने की पुष्टि की। हादसे की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन, सेना, पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें सक्रिय रवाना हुई थीं। सेना की नौवीं स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड के अधिकारियों से प्रशासन की ओर से जारी मृतकों की सूची के अनुसार, हादसे में पायलट हिमांशु सभरवाल के अलावा यात्री अरुण सालुंके, एचएस नटराज, प्रताप बच्चिहल्ली निंगराजन, सुधीर के. और शंकरगौड़ा वीबी की मौत हुई है। पांचों यात्रियों को कर्नाटक का निवासी बताया गया है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) के अनुसार, हेलीकॉप्टर का कॉल साइन वीटी-एचसीएक्स था। उसने बदरीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान उसका संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम भी उसकी स्थिति का पता नहीं लगा पाया। सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें खोज एवं बचाव अभियान के लिए रवाना की गईं। एहतियात के तौर पर यूसीएडीए ने ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी थी। बाद में सेना की टीम ने ज्योतिर्मठ तहसील के चाई गांव के पास दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाए। साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक राहत एवं अन्य व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित करने को कहा है। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

Spread the love