वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी, प्रतापपुर बाजार में बनेगी पीसीसी सड़क व नाली

360° Ek Sandesh Live

विधायक जनार्दन पासवान के प्रयास से 3.21 करोड़ की चार योजनाओं का टेंडर जारी, ग्रामीणों ने जताया आभार


प्रतापपुर (चतरा): प्रतापपुर प्रखंड में वर्षों से सड़क और जलजमाव की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। स्थानीय विधायक जनार्दन पासवान के प्रयास और अनुशंसा से प्रतापपुर बाजार की बहुप्रतीक्षित पीसीसी सड़क एवं नाली निर्माण योजना की निविदा जारी कर दी गई है। डीएमएफटी मद से ग्रामीण विकास विभाग ने प्रतापपुर प्रखंड की चार योजनाओं के लिए कुल 3 करोड़ 20 लाख 98 हजार 900 रुपये की ई-निविदा आमंत्रित की है। इसमें प्रतापपुर बाजार की सड़क एवं नाली निर्माण प्रमुख है। प्रथम चरण में बभने मोड़ स्थित उपनजय प्रसाद (दवा दुकान) के घर से जीत्तू बाबा के घर होते हुए मुख्य चौक स्थित झलकदेव की गुमटी तक पीसीसी सड़क एवं नाली का निर्माण होगा। वहीं, दूसरे चरण में विक्कू के घर से पूर्व मुखिया रीना देवी के घर होते हुए जामा मस्जिद तक सड़क एवं नाली निर्माण की योजना है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान न्यू शिवमंदिर मोहल्ले के ग्रामीणों ने उम्मीदवार जनार्दन पासवान के समक्ष इस जर्जर सड़क की समस्या रखी थी। उन्होंने इसके समाधान का भरोसा दिया था। अब निविदा प्रक्रिया शुरू होने से वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
निविदा में रामपुर पंचायत के बिरबीर, सिद्धकी पंचायत के ननई तथा एघारा पंचायत के कौरा गांव में भी सड़क एवं सीएलएफ भवन निर्माण की योजनाएं शामिल हैं। इच्छुक संवेदक 7 नवंबर तक आॅनलाइन निविदा जमा कर सकेंगे तथा 10 नवंबर 2026 को निविदा खोली जाएगी।इस पहल पर स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक जनार्दन पासवान एवं उपायुक्त के प्रति आभार जताया है। लोगों को उम्मीद है कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा, जिससे बाजार की सड़क और जलनिकासी की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा।

Spread the love