अंगद के पैर की तरह यूपी में भाजपा सरकार को कोई हिला नहीं सकता: अमित शाह

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

लखनऊ: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ के डा.राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को जीत का मंत्र देते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार अंगद के पाँव की तरह है, जिसको कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की नहीं, कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहाँ नेता भी सबसे पहले कार्यकर्ता होते हैं और भाजपा को विजय कार्यकर्ता ही दिलाता है।

यूपी में सरकार बनने के बाद यहां भी यूसीसी अवश्य लागू करेंगे: अमित शाह ने कहा कि सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री बनने का विक्रम अगर किसी के नाम पर है, तो हमारे नेता मोदी के नाम पर है। उन्होंने कहा कि यूपी में फिर से एक बार प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है और इसमें कार्यकर्ताओं को किसी दुविधा में रहने की आवश्यकता नहीं है। शाह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उन्हें अर्जुन की तरह सिर्फ चिड़िया की आँख दिखाई पड़नी चाहिए, क्योंकि अब समय तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का है। गृह मंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज ही के दिन 1990 में सपा सरकार ने राम भक्तों पर गोलियां चलाकर कारसेवकों को सरयू में बहा दिया था, यूपी की जनता इसके लिए सपा को कभी माफ नहीं करेगी। सपा ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर रामभक्तों का नरसंहार किया, जबकि भाजपा ने प्रभु श्रीराम का मंदिर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। अमित शाह ने कहा कि यूपी में योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद डकैती, लूट, रंगदारी और दंगों में बहुत बड़ी कमी आई है। मोदी सरकार की योजनाओं का सबसे अच्छा इंप्लीमेंटेशन योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुआ है। सपा-बसपा के सारे टर्म मिला दो और योगी का दोनों टर्म मिला दो, तो हमारा काम 200 ज्यादा है। गृह मंत्री ने कहा कि कई राज्यों में यूसीसी लागू हो गया, इस बार यूपी में सरकार बनने के बाद यहाँ भी यूसीसी अवश्य लागू करेंगे। कांग्रेसी नक्सलियों के साथ सहअस्तित्व की बात कहते थे, लेकिन भाजपा का आतंकियों, नक्सलियों के साथ सहअस्तित्व नहीं हो सकता। आज देश नक्सलमुक्त हो चुका है।

भारतीय जनता पार्टी ने प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया: शाह ने कहा कि आज 30 अक्टूबर है और आज ही के दिन 1990 में सपा सरकार ने राम भक्तों पर अंधाधुंध गोलियां चलाकर नरसंहार किया था और कारसेवकों को मौत के घाट उतारकर, उनका संस्कार भी न करके सरयू में बहा दिया था। सपा ने जहां रामभक्तों का नरसंहार किया, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। अखिलेश यादव जी, उत्तर प्रदेश की जनता इसके लिए आपको माफ नहीं करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अखिलेश बाबू को परिणाम सुन लेने चाहिए – हरियाणा और महाराष्ट्र में सर्वाधिक सीटें, बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री, दिल्ली में तीन दशक बाद भाजपा की सरकार, असम में हैट्रिक और पश्चिम बंगाल में ममता दीदी का सूपड़ा साफ। अब उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की बारी है। विपक्ष अखिलेश और राहुल बाबा के नेतृत्व में आने के बाद भी यूपी में एक भी चुनाव नहीं जीत सके। जिनका अपने बूते पर एक भी चुनाव जीतने का रिकॉर्ड नहीं है, वे भारतीय जनता पार्टी को चौलेंज कर रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगले 30 साल देशभर में भारतीय जनता पार्टी की सरकार चुनकर आने वाली हैं।

Spread the love