Eksandeshlive Desk
हैमिल्टन: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, भारतीय टीम ने शुरुआती तीन मुकाबलों में जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। मैच के बाद भारतीय टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार के कारणों पर बात करते हुए कहा कि टीम मध्य ओवरों में मिली अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रही। उन्होंने माना कि गेंदबाजी और फील्डिंग में बेहतर कर सकते थे।
श्रेयस अय्यर ने कहा कि हम बेहतर कर सकते थे। मध्य के ओवरों में हमें जो शुरुआत मिली थी और जिस तरह से ईशान और मैंने गति बनाई थी, उसे देखते हुए हम और बेहतर कर सकते थे। लेकिन हमने लगातार विकेट गंवा दिए, जिससे नए बल्लेबाज पर दबाव आ गया। उन्होंने कहा कि इस विकेट पर खेलना आसान नहीं था, खासकर तब जब गेंद सीम कर रही थी, थोड़ी रुक कर आ रही थी। यह काफी चुनौतीपूर्ण था। हालांकि 191 रन एक ठीक-ठाक स्कोर था। मुझे लगता है कि हम अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग में और बेहतर कर सकते थे। अय्यर ने कहा कि यह सीखने का एक बहुत अच्छा मौका रहा। न्यूजीलैंड आना और अलग-अलग मैदानों पर खेलना, सीखने का एक शानदार अनुभव रहा। भारतीय टी-20 कप्तान ने कहा कि पहले तीन मैचों ने हम एक अच्छी लय दी। आखिरी दो मैचों में हम ऐसी स्थिति में थे जहां हम कुछ प्रयोग करना चाहते थे और खुद को थोड़ा और चुनौती देना चाहते थे। हालांकि जैसा मैंने कहा, यह सीखने का एक बेहतरीन मौका था। उन्होंने कहा कि जब आप विदेश में खेलने जाते हैं तो खेल के अलग-अलग पहलुओं में आपको चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। आप जितनी हिम्मत के साथ इन चुनौतियों का सामना करते हैं, चीजें उतनी ही बेहतर होती जाती हैं। मुझे लगता है कि आज हमारे पास एक ऐसा ही मौका था जिसका हम फायदा उठा सकते थे, लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए। हालांकि, हम इस पर विचार कर सकते हैं और हमें कुछ चीजों पर काम करने की जरूरत है, खासकर फील्डिंग पर। यह खेल का एक ऐसा पहलू है जिसमें हमें सुधार करने की आवश्यकता है।
न्यूजीलैंड में भारतीय प्रशंसकों से मिले समर्थन पर उय्यर ने कहा कि जिस तरह से वे बड़ी संख्या में आए और हमारा समर्थन किया, उससे मैदान पर उतरते समय हमें बहुत आत्मविश्वास मिला। उनके प्यार और समर्थन का बहुत महत्व है। मुझे उम्मीद है कि आगे भी हर मैच में हमें ऐसा ही समर्थन मिलता रहेगा। मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड ने 192 रनों के लक्ष्य को 18 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और मुकाबला सात विकेट से जीत लिया। हालांकि, इस हार का सीरीज के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा। भारतीय टीम ने शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर पांच मैचों की टी-20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की। न्यूजीलैंड ने आखिरी दो मुकाबले जीतकर सीरीज का समापन जीत के साथ किया।
