34वीं राष्ट्रीय सब जूनियर थ्रोबॉल प्रतियोगिता में झारखंड बना चैंपियन, पूरे टूनार्मेंट में अपराजित रहकर रचा इतिहास
रांची: पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित विवेकानंद कॉलेज परिसर में 30 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक आयोजित 34वीं राष्ट्रीय सब जूनियर थ्रोबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। झारखंड की बेटियों ने पूरे टूनार्मेंट में अपना दबदबा कायम रखा और लीग चरण से लेकर फाइनल तक सभी मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए अपराजित चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। प्रतियोगिता में झारखंड की बालिका टीम ने अपने अभियान की शुरूआत मध्य प्रदेश को 25-08, 25-20 से पराजित कर की। इसके बाद महाराष्ट्र को 25-23, 25-28 तथा आंध्र प्रदेश को 25-06, 25-16 से हराकर लीग चरण में अपनी मजबूत स्थिति बनाई। नॉकआउट मुकाबलों में भी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। क्वार्टर फाइनल में तेलंगाना को 25-07, 25-04 से तथा सेमीफाइनल में मुंबई को 25-09, 25-18 से पराजित कर झारखंड ने फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल और अद्भुत टीम भावना का परिचय देते हुए तमिलनाडु को 25-16, 25-23 से शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इस शानदार उपलब्धि पर झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष श्री वेदांत कौस्तव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत झारखंड की बेटियों की प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। पूरे टूनार्मेंट में अपराजित रहकर राष्ट्रीय चैंपियन बनना राज्य के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उचित अवसर एवं मार्गदर्शन मिलने पर यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और झारखंड में थ्रोबॉल के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत सभी खेल पदाधिकारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रकार की शानदार सफलता निश्चित रूप से राज्य की अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के प्रति प्रेरित करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड की ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर राज्य और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगी। झारखंड राज्य थ्रोबॉल एसोसिएशन की ओर से जमिल अंसारी, नगीना कुमार, राजेश कुमार, आशुतोष गोस्वामी, शिव शंकर पांडे, सोनू सिंह, नीरज वर्मा, नीतीश सिंह, मनोज शर्मा, देवव्रत कुमार, विश्वास उरांव, कृष्णा सिंह, गुंजन सिंह, मो. अमीरुल, क्वीन ठाकुर, विश्वजीत कुमार, गौरव सिंह, अमित कुमार, राकेश कुमार, विवेक कुमार, सुकांत कुंडु, अबोध राम, मुकेश कुमार, दीपक कुमार, किसलय, अभिषेक, विशाल, पप्पू, अमरदीप, अरुणा, तमन्ना, सुमित एवं संजू सहित अन्य खेल पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
