Eksandeshlive Desk
खूंटी: खूंटी के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार को किया गया सड़क जाम प्रशासन की पहल पर समाप्त हो गया। इस बीच, सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बता दें कि कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में सात लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, कर्रा रेलवे स्टेशन से तोरपा जाने वाली सड़क पर कॉलोनी के समीप तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे घटनास्थल के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। उसकी आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के समीप कॉलोनी के कुछ लोग दुर्घटना देखने के लिए सड़क पर पहुंचे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को रौंद दिया। घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। उन्होंने सात लोगों की मौत की पुष्टि पुष्टि की है। जबकि एक घायल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में कर रही है।
हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक और मातम : खूंटी के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार को किया गया सड़क जाम प्रशासन की पहल पर समाप्त हो गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे अधिकारियों और पीड़ित परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। इसके बाद मृतकों के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गईं। जामस्थल पर जिला परिवहन पदाधिकारी हरि शंकर बारी, अंचल अधिकारी अन्वेशा ओना, प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नागेशिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर परशुराम पासवान और प्रभारी चिकित्सक डॉ. पीसी झा सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान अधिकारियों ने मानवीय पहल करते हुए आपस में चंदा एकत्र किया और राजेश लोहरा तथा बिरसा नायक के परिवारों को 70-70 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी। वहीं, प्रशासन ने हादसे में मारे गए सभी सात लोगों के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। इसके अलावा गुजरात में रह रहे राजेश लोहरा को घर लौटने के लिए हवाई जहाज का टिकट उपलब्ध कराया गया है। मृतकों के आश्रितों को बीमा के तहत मिलने वाली राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार अलग-अलग स्थानों पर किया जाएगा। लोहरा परिवार के चार मृतकों का अंतिम संस्कार डोड़मा में, जबकि नायक परिवार के तीन मृतकों का अंतिम संस्कार कर्रा में किया जाएगा। हादसे में राजेश लोहरा की दूसरी पत्नी फगन संगा, मां करमी लोहराईन और बेटियां सुभानी कुमारी एवं सोनी कुमारी की मौत हुई है। वहीं, बिरसा नायक की पत्नी कसीला देवी उर्फ जवंती देवी, बेटी अंजली और नाती सौरभ नायक ने भी जान गंवाई है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बच्ची खुशबू कुमारी को बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल से रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक और मातम पसरा हुआ है।
खूंटी सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी किया गया है। संदेश में कहा गया है कि झारखंड के खूंटी में हुए हादसे में लोगों की मौत से गहरा दुख पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि खूंटी के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से उनका मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने शोक संदेश में लिखा कि इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि सभी घायलों को तत्काल बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। हादसे के बाद दुर्घटनास्थल और प्रभावित परिवारों के गांवों में शोक का माहौल है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
