पुलिस-अपराधी के बीच मुठभेड़, राहुल दुबे गिरोह के सदस्य को लगी गोली

Crime

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग: हजारीबाग के उरीमारी थाना क्षेत्र के कर्मा टिल्हा जंगल में गुरुवार रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य अंशु दुबे के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंशु दुबे के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान अंशु दुबे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। उसने पुलिस को जानकारी दी थी कि जिस हथियार से उसने फायरिंग की थी, उसे उसने कर्मा टिल्हा के जंगल में जमीन के अंदर छिपा कर रखा है। साथ ही उसने यह भी बताया था कि जंगल में ही एक पर्चा भी रखा हुआ है।

आरोपी के बताए अनुसार पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए कर्मा टिल्हा जंगल लेकर पहुंची। पुलिस टीम में उरीमारी थाना के अधिकारी और जवान शामिल थे। जंगल में पहुंचते ही अंशु दुबे ने अचानक छुपाए गए हथियार को उठाकर पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई पुलिसकर्मी हताहत नहीं हुआ। आरोपी को काबू करने और आत्मरक्षा में पुलिस को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इसी जवाबी कार्रवाई में अंशु दुबे के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। मौके से पुलिस ने वह हथियार भी बरामद कर लिया है, जिससे आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की थी। इसके अलावा वह पर्चा भी बरामद किया गया है, जिसे आरोपी ने जंगल में ही छिपा कर रखा था। पुलिस पर्चे की जांच कर रही है कि उसका संबंध किस घटना से है और उसमें क्या लिखा हुआ है। पुलिस के अनुसार अंशु दुबे, राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय गुर्गा है और क्षेत्र में कई घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें गिरोह के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत थाना को सूचित करें।

Spread the love