सड़क किनारे खड़े पिकअप वैन से टकराई मोपेड, 19 वर्षीय युवक की मौत

Road Accident

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जामबनी गांव के पास उसकी मोपेड सड़क किनारे खड़े पिकअप वैन से टकरा गई। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद काली पूजा और बांदना पर्व की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान भूला टोला जामबनी निवासी युधिष्ठिर महतो के इकलौते पुत्र सुजय महतो के रूप में हुई है।

सुजय रविवार रात अपने पुराने घर जामबनी गया था। सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वह मोपेड से अपने वर्तमान घर भूला डुंगरी लौट रहा था। इसी दौरान भूला-भुईयांसिनान मुख्य सड़क पर जामबनी गांव के समीप उसकी मोपेड सड़क किनारे खड़े पिकअप वैन से टकरा गई। टक्कर की वजह से सुजय के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी रक्तस्राव हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। बोड़ाम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि सुजय टेंट हाउस में काम करता था। इकलौते बेटे की अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

Spread the love