Eksandeshlive Desk
धाराशिव: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह लोगों की जलकर मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में परिवार का एक बच्चा किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिवाली के त्योहार के बीच हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। येडशी गांव निवासी गोविंद करंडे ने अपने घर में लक्ष्मी पूजन के अवसर पर घर और मकान से लगी किराना दुकान के बाहर आकर्षक सजावट की थी। दिनभर त्योहार की तैयारियों और पूजा-पाठ के बाद परिवार के सभी सदस्य रात में सोने चले गए। इसी दौरान मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे अचानक उनके घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे लोगों को संभलने और बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।
दीये से आग लगने की आशंका: इस भीषण हादसे में गोविंद करंडे, उनकी पत्नी, दो बेटियों और उनके बुजुर्ग माता-पिता सहित परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई जबकि परिवार का एक बच्चा किसी तरह घर से बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिससे उसकी जान बच गई। फिलहाल उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों और आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने का प्रयास किया। हालांकि, आग की लपटें बेहद तेज होने के कारण किसी के लिए भी घर के अंदर पहुंचना संभव नहीं हो सका।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक राणा जगजीतसिंह पाटिल सुबह करीब 4:20 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्र में तत्काल अग्निशमन सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलंब और तुलजापुर से अग्निशमन दल की टीमों को तत्काल मौके पर बुलाया गया, तब जाकर आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में जलाए गए दीये (पणती) से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
