न्यू शिव मंदिर रोड में गोधन पूजा को लेकर दिखा उत्साह, दर्जनों बहनों ने निभाई परंपरा
अजय राज
प्रतापपुर,चतरा : भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भैया दूज का पर्व मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न पंचायतों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके सुखी, स्वस्थ एवं दीघार्यु जीवन की मंगलकामना की।
प्रतापपुर मुख्यालय के न्यू शिव मंदिर रोड स्थित मोहल्ले में भैया दूज के अवसर पर पारंपरिक गोधन पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान शुभा लक्ष्मी, राजनंदिनी, राधा रानी, अनिशा , मनीषा , मिष्टी, लाडो, मुनमुन, टुक-टुक सहित दर्जनों बहनों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने गोधन कूटकर अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं और बहनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। भैया दूज का पर्व भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और आत्मीयता को मजबूत करने का संदेश देता है। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाने वाला यह त्योहार भारतीय संस्कृति और पारिवारिक एकता की सुंदर पहचान बना हुआ है।
