परीक्षा के बाद संत मदर टेरेसा स्कूल की 9वीं की छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता

360° Ek Sandesh Live

मेसरा (राँची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है,जहाँ संत मदर टेरेसा स्कूल नेवरी विकास की 16 वर्षीय छात्रा अनिका कुमारी परीक्षा के बाद से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना 10 नवंबर (दिन मंगलवार) की है। प्राप्त जानकारी और पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार,अनिका कुमारी (मूल निवासी कोयली खुर्द,चौपारण,हजारीबाग),वर्तमान में राँची के नेवरी रिंग रोड स्थित माही टाउन के सामने केन्दुआ टोली में अपने मामा अमरजीत सिंह के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के मुताबिक,रोज़ की तरह वह सुबह 8:00 बजे स्कूल गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह सुबह करीब 11:10 बजे स्कूल से बाहर निकली,लेकिन तय समय पर घर नहीं पहुँची। दोपहर 12 बजे से ही परिजनों ने स्कूल,आसपास के इलाकों,सहपाठियों और रिश्तेदारों के यहाँ काफी खोजबीन की,लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में लिखित आवेदन दिया गया है। खोजबीन के दौरान जब स्कूल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया,तो पता चला कि परीक्षा खत्म होने के बाद चार लड़कियाँ एक साथ बाहर निकली थीं। गेट से बाहर निकलने के बाद तीन लड़कियाँ चुट्टू ब्रिज की तरफ चली गईं,जबकि अनिका कुमारी अकेले अपने घर जाने के तरफ मुड़ गई। ​छात्रा की माँ निशू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कार्रवाई कर बेटी को सुरक्षित खोज निकालने की गुहार लगाई है। स्वजनों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को अनिका कुमारी के बारे में कोई भी जानकारी मिले,तो वे दिए गए मोबाइल नंबर 8235296675 या 6200504144 पर तुरंत संपर्क करें।

Spread the love