Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती, एथलीट तेजस्विन शंकर तथा बैडमिंटन खिलाड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से अलंकृत किया गया। फुटबॉल खिलाड़ी इसायाह अरुमनायगम को अर्जुन पुरस्कार की लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया गया। वहीं, तीन प्रशिक्षकों को नियमित श्रेणी और दो प्रशिक्षकों को लाइफटाइम श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किए गए। भारतीय सेना के पैरा खेल केंद्र पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। इस बार किसी भी खिलाड़ी को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार नहीं मिला। वर्ष 2014 के बाद यह पहला अवसर है, जब किसी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित नहीं किया गया है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, मुक्केबाजी कोच छोटे लाल यादव और निशानेबाजी कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार और मुक्केबाजी कोच धर्मेंद्र सिंह यादव को द्रोणाचार्य पुरस्कार की लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया गया। इसके अलावा पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार ग्रहण किया। अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती, डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर, एथलीट मुहम्मद अजमल वी. और रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी शामिल हैं। बैडमिंटन में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद, मुक्केबाजी में नरेंद्र, हॉकी में लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी में सुरजीत और पूजा को यह सम्मान मिला। इनके अलावा पैरा निशानेबाज धनुष श्रीकांत और रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलीट एकता भ्यान, रोइंग खिलाड़ी अरविंद सिंह और निशानेबाज अखिल श्योराण भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किए गए। दिव्या देशमुख ने वर्ष 2025 में फिडे महिला विश्व कप जीतकर यह खिताब हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव प्राप्त किया था। इससे पहले वह वर्ष 2024 में शतरंज ओलंपियाड में भारतीय महिला टीम के साथ स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने इसी प्रतियोगिता में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी हासिल किया था। विदित गुजराती वर्ष 2024 में 45वें फिडे शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा थे। उन्होंने वर्ष 2023 में फिडे ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट भी जीता था।
तेजस्विन शंकर ने वर्ष 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में ऊंची कूद में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में डेकाथलॉन स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। वर्ष 2025 की एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने डेकाथलॉन में रजत पदक जीता। मोहम्मद अजमल वी. वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण और मिश्रित रिले में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। प्रियंका गोस्वामी ने वर्ष 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में 10 किलोमीटर पैदल चाल में रजत पदक जीता था। बैडमिंटन खिलाड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने वर्ष 2024 में बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। दोनों ने वर्ष 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत और महिला युगल में कांस्य पदक हासिल किया था। हालांकि, जापान मास्टर्स टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के कारण दोनों खिलाड़ी पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल वर्ष 2024 के पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा थे। लालरेमसियामी ने भारतीय महिला हॉकी टीम के साथ राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में पदक जीते हैं। कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा ने भी वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया था। पैरा खेलों में धनुष श्रीकांत ने वर्ष 2024 की विश्व बधिर निशानेबाजी चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीते थे। रुद्रांश खंडेलवाल ने वर्ष 2023 के एशियाई पैरा खेलों और विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किए थे। एकता भ्यान ने वर्ष 2024 की विश्व चैंपियनशिप में क्लब थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। रोइंग खिलाड़ी अरविंद सिंह ने वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल किया था। निशानेबाज अखिल श्योराण ने वर्ष 2023 की विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों में पदक जीते थे।
वर्ष 1962 के एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय फुटबॉल टीम के सदस्य इसायाह अरुमनायगम को अर्जुन पुरस्कार की लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया गया। उन्होंने वर्ष 1964 में एएफसी एशियाई कप में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का भी प्रतिनिधित्व किया था। द्रोणाचार्य पुरस्कार पाने वाले प्रशिक्षकों में परवीर सिंह ने एथलीट तजिंदरपाल सिंह तूर और अन्नू रानी को प्रशिक्षण दिया है। छोटेलाल यादव ने मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम, जैस्मीन और साक्षी को प्रशिक्षित किया है। नेहा नंदकुमार चव्हाण के प्रशिक्षित खिलाड़ियों में निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन, रमीता और धनुष श्रीकांत शामिल हैं। लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार ने सुशील कुमार, रवि कुमार, अमित कुमार और दीपक पूनिया जैसे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया है। मुक्केबाजी कोच धर्मेंद्र सिंह यादव के प्रशिक्षित खिलाड़ियों में विकास कृष्ण, मंजीत जांगड़ा और मनीष कौशिक शामिल हैं। पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड की स्थापना 23 जून 2017 को खड़की स्थित बीईजी एंड सेंटर में की गई थी। इसका उद्देश्य ड्यूटी के दौरान दिव्यांग हुए सैनिकों का पुनर्वास और उन्हें पैरा खेलों के लिए तैयार करना है। इस केंद्र ने अब तक नौ खेलों में 150 से अधिक पैरा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया है। इसके खिलाड़ियों ने 300 से अधिक पदक जीते हैं। वर्ष 2022 से अब तक इसके खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 87 और राष्ट्रीय स्तर पर 170 पदक हासिल किए हैं। केंद्र के खिलाड़ियों ने एक विश्व रिकॉर्ड, एक एशियाई रिकॉर्ड और छह राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए हैं। पेरिस पैरालंपिक 2024 में होकाटो सेमा ने कांस्य पदक जीता था।
समारोह में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 भी प्रदान किए गए। लैंड एडवेंचर श्रेणी में हिमाचल प्रदेश की बलजीत कौर और लद्दाख के स्कलजांग रिग्जिन, वाटर एडवेंचर श्रेणी में पश्चिम बंगाल के रिमो साहा तथा लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में उत्तराखंड के शिव प्रसाद चमोली को सम्मानित किया गया। बलजीत कौर ने वर्ष 2022 से 2024 के बीच एवरेस्ट, अन्नपूर्णा, किलिमंजारो, मनास्लु, मकालू, ल्होत्से और कंचनजंगा सहित सात पर्वत चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। स्कलजांग रिग्जिन ने ल्होत्से, अन्नपूर्णा और एवरेस्ट की चोटियों पर चढ़ाई की है। रिमो साहा ने 31 घंटे 17 मिनट में इंग्लिश चैनल पार किया। शिव प्रसाद चमोली ने पर्वतारोहण, स्कीइंग और राफ्टिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। करीब 36 मिनट तक चले समारोह में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल सचिव हरि रंजन राव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को पुरस्कार विजेताओं की अंतिम सूची जारी की थी। यह सूची सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर तैयार की गई थी। समिति में जाने-माने खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता से जुड़े लोग और खेल प्रशासक शामिल थे। उल्लेखनीय है कि अर्जुन पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1961 में हुई थी। यह पुरस्कार लगातार चार वर्षों तक खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन के लिए दिया जाता है। पुरस्कार विजेताओं को 15 लाख रुपये की नकद राशि, अर्जुन की कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। द्रोणाचार्य पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1985 में हुई थी। नियमित श्रेणी के विजेताओं को 10 लाख रुपये और लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी के विजेताओं को 15 लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है। परंपरागत रूप से राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर दिए जाते रहे हैं। हालांकि, कोविड-19 महामारी के बाद से समारोह की तारीख में निरंतरता नहीं रही है।
