रिपोर्ट: अजय राज
चतरा: जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। भरही और रबदा गांव की सीमा पर स्थित लाली माटी जंगल में मंगलवार सुबह महिला का सड़ा-गला एवं अधजला शव बरामद किया गया। शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि उसे देखकर ग्रामीण सहम गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल बन गया। बताया जाता है कि सुबह कुछ ग्रामीण मवेशियों को लेकर जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों के बीच पड़े एक शव पर पड़ी। करीब पहुंचने पर पता चला कि वह एक महिला का शव है, जिसका शरीर काफी हद तक जला हुआ है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। इस मामले में सबसे रहस्यमय पहलू घटनास्थल की स्थिति है। महिला का शरीर लगभग 30 से 50 प्रतिशत तक जला होने की बात सामने आ रही है, लेकिन शव मिलने वाले स्थान के आसपास आग जलाए जाने अथवा किसी अन्य चीज के जलने के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। इस परिस्थिति ने घटना को और संदिग्ध बना दिया है। प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ किसी अन्य स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव को जंगल में लाकर फेंका गया हो, ताकि उसकी पहचान और घटना से जुड़े साक्ष्य छिपाए जा सकें। सूचना मिलने के बाद प्रतापपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मृतका की पहचान करने के साथ उसकी मौत के कारणों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।जंगल के एकांत इलाके में इस तरह महिला का शव मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। महिला कहां की रहने वाली थी, उसकी मौत कैसे हुई और शव को जंगल तक पहुंचाने के पीछे किसकी भूमिका है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल पूरे मामले का रहस्य पुलिस जांच के बाद ही सामने आने की उम्मीद है।
