विहिप का हितचिंतक अभियान 22 नवंबर से, झारखंड में तीन लाख हितचिंतक बनाने का लक्ष्य

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड में विश्व हिंदू परिषद का हितचिंतक अभियान 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर गुरुवार काे विहिप प्रांत कार्यालय किशोरगंज रांची में प्रांत के प्रमुख पदाधिकारी, विभाग मंत्री, संगठन मंत्री एवं जिला मंत्रियों की एक आवश्यक बैठक प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत की अध्यक्षता में की गई। अभियान की जानकारी देते हुए प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र ने बताया प्रत्येक तीन वर्ष में विश्व हिंदू परिषद की ओर से हिंदू परिवारों में व्यापक संपर्क करते हुए हितचिंतक अभियान चलाया जाता है। इसमें राष्ट्र, सनातन धर्म एवं संस्कृति के उत्थान एवं संवर्द्धन की दिशा में परिषद की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए हर हिंदू परिवार को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। दिवंगत अशोक सिंहल के जन्म शताब्दी पर इस वर्ष तीन लाख हितचिंतक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 22 नवंबर को प्रांत के सभी जिला केन्द्रों में हित चिंतक अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।

बैठक में प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने कहा लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए नगर से लेकर ग्राम ग्राम तक प्रांत, विभाग, जिला एवं प्रखंडों के कार्यकर्ता 15 दिनों तक प्रतिदिन हितचिंतक बनाने के कार्य में लगने वाले हैं। 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने विस्तारक के रूप में अपना पूर्ण समय इस काम के लिए दिया है। पटना क्षेत्र मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा इस अभियान के माध्यम से धर्म एवं संस्कृति के लिए किये जा रहे कार्यों के प्रति हिंदू समाज में जागरूकता आएगी। उन्होंने आह्वान किया कि 22 दिसंबर से 6 जनवरी के बीच पड़ने वाले तीन रविवारों को महाअभियान लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता प्रातः से संध्या तक हितचिंतक बनाने के कार्य में लगें। बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत सहमंत्री रामनरेश सिंह, मनोज पोद्दार, प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, मार्गदर्शक मंडल प्रांत संयोजक स्वामी कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी, प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख युगल किशोर प्रसाद, प्रांत सेवा सहप्रमुख विनय कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Spread the love