झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने अपनाया सख्त रुख
Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सख्त रुख अपनाते हुए दो टूक कहा है कि किसी भी परिस्थिति में एंबुलेंस सेवा बाधित नहीं होने दी जाएगी। हड़ताल या किसी के दबाव के कारण एंबुलेंस नहीं मिलने से मरीज की जान जाती है तो उसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह बातें मंत्री ने गुरूवार को नेपाल हाउस में आयोजित एक उच्च स्ततरीय आपातकालिन बैठक में बोल रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित आपात बैठक में मंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों पर बातचीत और समाधान के लिए तैयार है, लेकिन मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़, नाजायज मांगें और ब्लैकमेलिंग बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से कई दौर की बातचीत के बावजूद दबाव बनाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। मंत्री ने बताया कि जरूरत पड़ने पर निजी एंबुलेंस किराये पर लेने और नए ड्राइवरों की व्यवस्था की जाएगी। सरकार प्रत्येक पंचायत के मुखिया को एक एंबुलेंस उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम कर रही है। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में 280 नई एएलएस और बीएसएस एंबुलेंस खरीदी जाएंगी। एंबुलेंस सेवा के लिए एआई आधारित कॉल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा सहित अन्य अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।
