हरियाणा के नंबर पर दौड़ रहा था पंजाब का ट्रक,ओरमांझी पुलिस ने पकड़ा

360° Ek Sandesh Live

मेसरा/​ओरमांझी (रांची): दूसरे राज्यों के वाहनों में दूसरे नंबर प्लेट लगाकर झारखंड की सड़कों पर चलाने के खेल का ओरमांझी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुरुवार रात गुप्त सूचना के आधार पर ओरमांझी टोल गेट के पास एक ट्रक को पकड़ा गया,जिस पर हरियाणा का नंबर लगा था,लेकिन जांच में वह पंजाब का निकला। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। ​जानकारी के मुताबिक,गुरुवार रात ओरमांझी टोल गेट के पास पुलिस ने संदेह के आधार पर एक ट्रक को रोका। ट्रक पर हरियाणा का नंबर एचआर 37 डी 9466 दर्ज था। जब पुलिस ने वाहन के इंजन और चेचिस नंबर का मिलान किया,तो खुलासा हुआ कि यह ट्रक असल में पंजाब नंबर पीबी 11 सीएस 2421 का है। ​बताया जा रहा है कि दोनों नंबर एक ही मालिक के हैं। हालांकि,एक गाड़ी पर दूसरे वाहन का नंबर लगाकर चलाने के पीछे क्या कारण है,यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। ट्रक में ट्रांसपोर्ट का सामान लदा था,जिसे चांडिल ले जाया जा रहा था। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ओरमांझी टोल गेट के पास से एक ट्रक को पकड़ा गया है। कागजात,इंजन और चेचिस नंबर की जांच में सामने आया है कि हरियाणा के नंबर पर चल रही यह गाड़ी वास्तव में पंजाब की है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और नंबर बदलने के कारणों व पूरे मामले की जांच की जा रही है। ​फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नंबर प्लेट बदलने के पीछे क्या मंशा थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love