26 साल बाद भी सड़क और उच्च शिक्षा से वंचित है कारीडीह गांव, बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान

360°


मांडू/रामगढ़: झारखंड राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन आज भी मांडू प्रखंड क्षेत्र के किमो पंचायत अंतर्गत कारीडीह गांव के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। गांव की जर्जर सड़क ने लोगों का जनजीवन मुश्किल बना दिया है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में यदि कोई व्यक्ति अचानक बीमार पड़ जाए तो उसे अस्पताल तक पहुंचाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। खराब सड़क के कारण समय पर इलाज मिलना मुश्किल हो जाता है। वहीं, स्कूली बच्चों को भी प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। सड़क की बदहाली और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण आदिवासी समाज के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना भी आसान नहीं है। कारीडीह गांव में बड़ी संख्या में आदिवासी परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों की पीड़ा है कि सड़क और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उनके परिवारों का दैनिक जीवन कठिनाइयों से गुजर रहा है। उनकी आंखों में विकास की उम्मीद और दिल में वर्षों से जमा दर्द है, लेकिन उनकी आवाज सुनने वाला कोई नजर नहीं आता। ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि चुनाव के समय गांव में विकास की उम्मीद फिर से जग उठती है। उन्हें लगता है कि शायद इस बार कोई जनप्रतिनिधि उनकी बदहाली को समझेगा और गांव की तस्वीर बदलेगा। लेकिन जैसे ही चुनाव समाप्त होता है, जनप्रतिनिधियों की नजरें भी गांव से हट जाती हैं। चुनाव के दौरान किए गए वादे पीछे छूट जाते हैं और ग्रामीण फिर से अपनी पुरानी समस्याओं के साथ जीने को मजबूर हो जाते हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर आदिवासी बहुल गांवों को सड़क, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा? चुनावी मंचों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में आदिवासी हितों एवं विकास की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन धरातल पर कारीडीह जैसे गांव आज भी विकास की राह देख रहे हैं। क्या आदिवासी समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा और ग्रामीणों को अच्छी सड़क पर चलने का अधिकार नहीं है। इस संबंध में वार्ड सदस्य महावीर मांझी सहित सुनील मांझी, राजेश सोरेन, बाबूलाल सोरेन, शिकारी सोरेन एवं जगदीश सोरेन ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि कारीडीह गांव की बदहाल सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाए। ग्रामीणों ने मांडू विधायक सहित प्रखंड के तमाम जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से कारीडीह गांव का दौरा कर यहां की वास्तविक स्थिति देखने और समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों को गांव और समाज के विकास की जिम्मेदारी दी गई है, इसलिए आदिवासी बहुल गांवों की समस्याओं को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी कारीडीह गांव के आदिवासी परिवारों को सड़क और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आखिर कितना और इंतजार करना पड़ेगा? क्या चुनावी वादों से आगे बढ़कर अब धरातल पर विकास की पहल होगी।

Spread the love