चाकुलिया स्टेशन पर यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया, इलेक्ट्रॉनिक पैनल में शॉर्ट सर्किट की आशंका
Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम: हावड़ा से जमशेदपुर आ रही टाटा स्टील एक्सप्रेस में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के सी3 कोच से धुआं निकलता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, लोको पायलट की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन तेज गति से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान सी3 कोच में आग लगने और धुआं निकलने की सूचना लोको पायलट को मिली। उन्होंने तत्काल आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद ट्रेन को चाकुलिया रेलवे स्टेशन तक ले जाया गया, जहां यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कोच के इलेक्ट्रॉनिक पैनल में चूहा घुसने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम चाकुलिया स्टेशन पहुंची। टीम ने प्रभावित कोच का निरीक्षण कर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम सहित अन्य तकनीकी हिस्सों की जांच शुरू कर दी है। रेलवे की ओर से सुरक्षा मानकों की पड़ताल के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारण ट्रेन का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
