पुलिस की सख्ती से सहमे अफीम माफिया, अब दुर्गम जंगलों और पहाड़ी तराइयों पर नजर

Crime

Eksandeshlive Desk

खूंटी: अफीम की अवैध खेती के खिलाफ जिला पुलिस और प्रशासन की लगातार सख्ती ने माफियाओं और तस्करों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गिरफ्तारी के डर और ग्रामीणों में बढ़ी जागरूकता के कारण माफिया अब मुख्य सड़कों और गांवों के आसपास के खुले इलाकों को छोड़कर जिले के दुर्गम जंगलों, पहाड़ी तराइयों और दूरदराज के बीहड़ों में नए ठिकानों की तलाश कर रहे हैं। नवंबर में शुरू हुए अफीम की बुवाई के नए सीजन को देखते हुए खूंटी पुलिस, वन विभाग और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से कमर कस ली है। अड़की, मुरहू, सायको और मारंगहादा जैसे सुदूरवर्ती और पहाड़ी क्षेत्रों में खेती की आशंका को भांपते हुए इस बार निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। पहुंच से दूर संदिग्ध वन क्षेत्रों की मैपिंग के लिए ड्रोन और सैटेलाइट इमेजरी की मदद ली जा रही है, ताकि बुवाई के शुरुआती चरण में ही फसल को नष्ट किया जा सके।

पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष (2025-26) के विशेष अभियान के दौरान पूरे झारखंड में कुल 4,619.34 एकड़ भूमि पर लगी अवैध अफीम की फसल को नष्ट किया गया था, जिसमें खूंटी जिले की भूमिका बेहद अहम रही थी। इस दौरान राज्यभर में 77 प्राथमिकी दर्ज की गई थीं और 48 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसी सख्ती का नतीजा है कि इस बार माफिया पुराने इलाकों में जाने से कतरा रहे है। प्रशासन का मानना है कि केवल कार्रवाई से ही इस समस्या को जड़ से खत्म नहीं किया जा सकता, इसलिए स्थानीय ग्रामीणों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्राम सभाओं और चौपाल के माध्यम से लोगों को अफीम की खेती से होने वाले कानूनी दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, किसानों को नकदी और वैकल्पिक फसलों की ओर मोड़ने के प्रयास भी तेज किए गए हैं। जिला पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि खूंटी की धरती पर अवैध खेती को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।

Spread the love