बारिश के बीच एचईसी कर्मचारियों का मुख्यालय पर प्रदर्शन, लंबित वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर उठाई आवाज

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: रांची में बारिश के बावजूद शनिवार को एचईसी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया और एकजुटता प्रदर्शित करते हुए नारेबाजी की। विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया। प्रदर्शन के दौरान यूनियन प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर संघर्ष को व्यापक बनाने का निर्णय लिया। साथ ही तय किया गया कि कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा, जिससे कि लंबे समय से लंबित मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा सके।

इस अवसर पर हटिया मजदूर लोकमंच के विमल कुमार महली ने कहा कि कर्मचारी उत्पादन कार्य में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं करेंगे। उत्पादन पहले की तरह जारी था और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों का आंदोलन अपने अधिकारों और मांगों को लेकर है, न कि उत्पादन प्रभावित करने के उद्देश्य से। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबित वेतन का भुगतान, वेतन पर्ची उपलब्ध कराना और नौकरी से हटाए गए कर्मियों की वापसी शामिल हैं। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। प्रदर्शन में हटिया मजदूर लोकमंच के विमल कुमार महली, हटिया मजदूर यूनियन के हरेंद्र प्रसाद, एटक के अध्यक्ष आरके शाही, जनता मजदूर यूनियन के एसजे मुखर्जी समेत बड़ी संख्या में एचईसी कर्मचारी शामिल हुए।

Spread the love