स्थापना दिवस समारोह: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा-झारखंड की योजनाओं से दूसरे राज्य भी ले रहे प्रेरणा

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को वर्ष 2026 का उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया।

राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विधानसभा राज्य का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है। लोकतंत्र के इस पवित्र मंदिर में सभी समान हैं। यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। इसकी ताकत और लोकतांत्रिक व्यवस्था का लोहा पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में विभिन्न संवैधानिक पदों पर आसीन जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समितियों की अपनी-अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। सभी का उद्देश्य राज्य का विकास, जनकल्याण और जनमानस के हितों की रक्षा करना है। विधानसभा वह महत्वपूर्ण मंच है, जहां राज्य के भविष्य, नीतियों और आम नागरिकों के हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने कई क्षेत्रों में अपनी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से देश के सामने अलग पहचान बनाई है। विशेषकर महिला सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार के कार्यों की सराहना अन्य राज्यों में भी हो रही है। झारखंड की योजनाओं और कार्यप्रणाली से दूसरे राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं। यह सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इस दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ काम करने की जरूरत है, ताकि विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे।

2050 के विकसित झारखंड की परिकल्पना के साथ हो रहा काम: मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर काम कर रही है। आने वाले समय में झारखंड कैसा होगा, राज्य विकास के किन नए आयामों को प्राप्त करेगा और भावी पीढ़ियों के लिए कैसी व्यवस्था तैयार की जाएगी, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं। सरकार का प्रयास झारखंड को विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि झारखंड के निर्माण के पीछे पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों का लंबा संघर्ष एवं बलिदान रहा है। अलग राज्य के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। सरकार इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि विकास का लाभ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचे और उनके लिए बेहतर भविष्य का निर्माण हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में राज्य की जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं। सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित लोगों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हो। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति और विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

Spread the love