NEWS By SUNIL VERMA
रांची: इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन (आईडब्ल्यूडब्ल्यूए) का 59वां वार्षिक सम्मेलन 22 से 24 जनवरी 2027 को बिरला इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) मेसरा रांची में आयोजित होगा। झारखंड में यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सम्मेलन की मेजबानी आईडब्ल्यूडब्ल्यूए रांची केंद्र की ओर से बीआईटी मेसरा के सहयोग से की जाएगी। सम्मेलन का विषय सतत भविष्य के लिए नवाचार और एआई के माध्यम से स्मार्ट वाटर सॉल्यूशंस रखा गया है। इसका उद्देश्य जलापूर्ति, अपशिष्ट जल प्रबंधन, स्वच्छता और संबद्ध क्षेत्रों की उभरती चुनौतियों तथा नवीन समाधानों पर विचार-विमर्श के लिए विशेषज्ञों, नीति निमार्ताओं, इंजीनियरों, शोधकतार्ओं, शिक्षाविदों, उद्योग प्रतिनिधियों और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं को एक मंच पर लाना है। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आईडब्ल्यूडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष व सम्मेलन अध्यक्ष इंजीनियर उमेश मेहता, आईडब्ल्यूडब्ल्यूए रांची केंद्र के मानद सचिव वआयोजन सचिव इंजीनियर प्रमोद कुमार, आयोजन सचिव डॉ. कीर्ति अविषेक, आयोजन सचिव डॉ. सतीश कुमार और आयोजन टीम के कोर कमेटी सदस्य डॉ. नरेंद्र यादव उपस्थित थे। आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय सम्मेलन जल और अपशिष्ट जल क्षेत्र की बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवीन प्रौद्योगिकियों, स्मार्ट इंजीनियरिंग समाधानों और आधुनिक दृष्टिकोणों के अनुप्रयोग पर केंद्रित होगा। तकनीकी सत्रों में इस बात पर चर्चा होगी कि उभरती प्रौद्योगिकियां किस प्रकार जल प्रबंधन की दक्षता बढ़ा सकती हैं, उपचार प्रक्रियाओं को बेहतर बना सकती हैं, जल संरक्षण को बढ़ावा दे सकती हैं और स्वच्छता के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सकती हैं।इस सम्मेलन में भारत और विदेश से 1000 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। इनमें इंजीनियर, टेक्नोक्रेट, ठेकेदार, सलाहकार, निमार्ता, शोधकर्ता, शिक्षाविद, लेखक और छात्र शामिल होंगे। मलेशिया और जर्मनी सहित अन्य देशों से अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी अपेक्षित है, जिससे वैश्विक ज्ञान के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण 140 से अधिक स्टॉलों वाली तकनीकी प्रदर्शनी होगी। इसमें अग्रणी निमार्ता, उद्योग, प्रौद्योगिकी प्रदाता और सेवा संगठन जल एवं अपशिष्ट जल क्षेत्रों में अपने नवीनतम उत्पाद, उपकरण, प्रौद्योगिकियां और नवाचार प्रदर्शित करेंगे। यह प्रदर्शनी उद्योग-अकादमिक संवाद, व्यापार नेटवर्किंग और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के लिए महत्वपूर्ण मंच बनेगी।सम्मेलन में कई तकनीकी सत्र होंगे, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों के प्रख्यात विशेषज्ञ शामिल होंगे। आईआईटी, एनआईटी और अन्य विश्वविद्यालयों के शोधकर्ता अपने शोध निष्कर्ष, नवीन विचार और सफल केस स्टडी प्रस्तुत करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया गया है। विशिष्ट अतिथि के रूप में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद की सहमति मिल चुकी है। सम्मेलन की प्रमुख सिफारिशें झारखंड सरकार को सौंपी जाएंगी। साथ ही प्रतिनिधियों को देवघर, रजरप्पा, पतरातू घाटी और रांची के झरनों के भ्रमण का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें झारखंड की संस्कृति और पर्यटन से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
