Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम/रांची/खूंटी: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का रविवार की देर रात करीब एक बजे निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और उनका इलाज जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में कराया जा रहा था। उपचार के दौरान उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। मां के निधन की जानकारी अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा कि मां के जाने से उनके सिर से केवल ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जीवन का वह मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल आसान और हर दर्द हल्का महसूस होता था। अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सायरा मुंडा के निधन की खबर मिलते ही अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित आवास पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। लोगों ने अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। परिवार की ओर से बताया गया कि सायरा मुंडा की अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर एक बजे घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकलेगी। अंतिम यात्रा जमशेदपुर के साकची स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम और उनके परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना, नेता प्रतिपक्ष बोले- मां का सिर पर हाथ होना देता है हिम्मत: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को एक्स पर लिखा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई अर्जुन मुंडा की मां के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। वहीं, बाबूलाल मरांडी ने भी अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इस खबर से उन्हें काफी पीड़ा हुई है। अर्जुन मुंडा की भावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने लिखा कि उनके शब्दों में मां को खोने का दर्द साफ झलकता है। मरांडी ने मां के स्नेह और जीवन में उनके महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इंसान की उम्र चाहे कितनी भी हो जाए, मां का सिर पर हाथ रख देना ही यह भरोसा देता है कि जीवन की हर मुश्किल संभल जाएगी। उन्होंने दिवंगत माता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और अर्जुन मुंडा सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर राजनीतिक और सामाजिक नेताओं ने जताया शोक: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने शोक संदेश में कहा कि मां का साथ छूटना जीवन की सबसे बड़ी और अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने दिवंगत आत्मा को अंतिम जोहार भी अर्पित किया। पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने भी अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का निधन परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने अर्जुन मुंडा सहित पूरे परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। पश्चिमी सिंहभूम के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि अर्जुन मुंडा की माता के निधन की खबर से वे बेहद मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि मां का रिश्ता दुनिया में सबसे बड़ा और अनमोल होता है। मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी ताकत होता है। ऐसे में मां का साथ छूट जाना किसी भी व्यक्ति के लिए बेहद पीड़ादायक होता है। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं, आदिवासी मुंडा समाज विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झामुमो जिला प्रवक्ता पश्चिमी सिंहभूम बुधराम लागुरी ने भी शोक जताते हुए दिवंगत माता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मां ममता, त्याग, संस्कार और निःस्वार्थ प्रेम की प्रतीक होती है। मां का बिछुड़ना संतान के जीवन में ऐसी कमी छोड़ जाता है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके समस्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। अर्जुन मुंडा की माता के निधन की खबर से जमशेदपुर सहित कोल्हान के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। नेताओं और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर विधायक सहित कई लोगों ने जताई संवेदना: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, खूंटी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया सहित कई नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। विधायक ने कहा कि अर्जुन मुंडा का निधन उनके और समस्त परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होती है। उनके जाने से उत्पन्न रिक्तता को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। विधायक सुदीप गुड़िया ने दिवंगत पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें। खूंटी के पूर्व सांसद अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा, भाजपा के जिला अध्यक्ष आनंद कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो, जिला उपाध्यक्ष संजय साहू, कैलाश राम, महामंत्री निखिल कंडुलना, दीपक तिग्गा, संतोष जायसवाल, वार्ड पार्षद अनूप साहू गंदौरी गुड़िया, संजय नाग, सुबोध गुप्ता, नीरज जायसवाल, अश्विनी शर्मा सहित अन्य शामिल हैं।
