टाटा स्टील 28 हजार करोड़ रुपये में एपीएल अपोलो को बेचेगी डाउनस्ट्रीम कारोबार

Business

एपीएल अपोलो में प्रमोटरों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी भी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदेगी टाटा स्टील, 16,756 करोड़ रुपये का 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर लाएगी कंपनी, 2035 तक संयुक्त उत्पादन क्षमता 15.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: टाटा स्टील ने अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार के पुनर्गठन और विस्तार की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। कंपनी अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों का कारोबार एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड को 28 हजार करोड़ रुपये में बेचेगी। इसके साथ ही टाटा स्टील एपीएल अपोलो के प्रमोटरों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदेगी। इसके अतिरिक्त कंपनी 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए 16,756 करोड़ रुपये का ओपन ऑफर भी लाएगी। इस रणनीतिक साझेदारी के जरिए दोनों कंपनियां भारतीय इस्पात उद्योग में एक बड़ी डाउनस्ट्रीम कंपनी विकसित करने की योजना बना रही हैं। इसके तहत वर्ष 2035 तक संयुक्त उत्पादन क्षमता 15.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य रखा गया है।

टाटा स्टील की ओर से सोमवार को जारी जानकारी के अनुसार, कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड की पूरी हिस्सेदारी और संपूर्ण स्टील ट्यूब कारोबार एपीएल अपोलो को हस्तांतरित करेगी। इस सौदे में 8 लाख टन प्रतिवर्ष क्षमता वाला सरफेस कोटेड कॉइल कारोबार और 17 लाख टन प्रतिवर्ष क्षमता वाला स्टील ट्यूब कारोबार शामिल है। दोनों कारोबारों का कुल मूल्य 28 हजार करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। एपीएल अपोलो इस अधिग्रहण के लिए शुरुआत में कर्ज और अन्य वित्तीय संसाधनों का इस्तेमाल करेगी। बाद में दीर्घकालिक पूंजी जुटाकर कर्ज का पुनर्गठन किया जाएगा। समझौते के दूसरे महत्वपूर्ण हिस्से के तहत टाटा स्टील एपीएल अपोलो के प्रमोटरों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,100 रुपये प्रति शेयर की दर से खरीदेगी। इसके लिए 15,510 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बाद कंपनी अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर की दर से 16,756 करोड़ रुपये का ओपन ऑफर जारी करेगी। यदि ओपन ऑफर पूरी तरह स्वीकार किया जाता है तो टाटा स्टील की प्रस्तावित हिस्सेदारी 52.6 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। हालांकि, सभी सौदे नियामकीय मंजूरी के अधीन हैं। कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-27 के भीतर पूरी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। इस साझेदारी के बाद एपीएल अपोलो के पास स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों की संयुक्त 7.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता होगी। इसे वर्ष 2035 तक बढ़ाकर 15.5 मिलियन टन करने की योजना है। इसमें नौ मिलियन टन स्टील ट्यूब और 6.5 मिलियन टन कलर कोटेड उत्पादों की उत्पादन क्षमता विकसित की जाएगी। इस विस्तार योजना के तहत एपीएल अपोलो के प्रमोटर समूह से जुड़ी कंपनी एसजी टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड (एसजी स्पेक्ट्रा) के साथ भी समझौता ज्ञापन किया गया है। इसके तहत देश के विभिन्न हिस्सों में पांच मिलियन टन क्षमता वाले कलर कोटेड उत्पादों के विनिर्माण संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें से पहली एक मिलियन टन क्षमता अगले 24 महीनों में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन ने इस समझौते को कंपनी की भविष्य की रणनीति के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एपीएल अपोलो और उसके प्रमोटरों के साथ साझेदारी से भारतीय बाजार की बढ़ती मांग पूरी करने के लिए एक मजबूत डाउनस्ट्रीम कारोबार विकसित होगा। इससे दोनों कंपनियों की उत्पादन क्षमता, बाजार में पहुंच और परिचालन दक्षता का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा। ग्राहकों को उत्पादों की व्यापक श्रृंखला उपलब्ध कराने के साथ कारोबार की लाभप्रदता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। टाटा स्टील के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी कौशिक चटर्जी ने कहा कि कंपनी मूल्यवर्धित इस्पात उत्पादों के क्षेत्र में तेजी से विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है। एपीएल अपोलो के साथ यह समझौता न केवल एक लाभदायक कंपनी में निवेश का अवसर है, बल्कि कलर कोटेड उत्पादों के कारोबार को बड़े स्तर पर विकसित करने का मजबूत आधार भी है। उन्होंने एपीएल अपोलो के प्रमोटर संजय गुप्ता और उनकी टीम के अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने कम समय में उत्पादन क्षमता बढ़ाने, तेजी से परियोजनाएं विकसित करने और परिचालन दक्षता स्थापित करने की क्षमता दिखाई है। इस साझेदारी से भविष्य में 15.5 मिलियन टन क्षमता वाली बड़ी और लाभदायक कंपनी तैयार करने की संभावनाएं मजबूत होंगी। टाटा स्टील के अनुसार, इस समझौते से उत्पादन क्षमता का बेहतर उपयोग, कच्चे माल एवं मशीनरी की खरीद में तालमेल, वितरण नेटवर्क का विस्तार और उत्पादन लागत में सुधार होगा। इससे एपीएल अपोलो की परिचालन लाभप्रदता बढ़ने की भी उम्मीद है।

Spread the love