Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम: जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के पुरनापानी गांव में जंगली सूअर का शिकार कर उसका मांस पकाकर खाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव निवासी किसान बिरसा कच्छप को हिरासत में लिया है। विभाग आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, जंगली सूअर लगातार किसान बिरसा खलखो के खेत में लगी फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। इससे नाराज होकर बिरसा कच्छप ने तीर-धनुष से सूअर पर हमला कर दिया। आरोपी के अनुसार, उसने सूअर पर चार तीर चलाए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत जंगली सूअर का वजन करीब 35 किलोग्राम बताया गया है। आरोपी ने वन विभाग को बताया कि सूअर की मौत के बाद उसने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर उसका मांस पकाया और खाया। घटना की जानकारी मिलने पर कोयना वन क्षेत्र के वनकर्मी गांव पहुंचे और बिरसा कच्छप को हिरासत में लेकर विभागीय कार्यालय ले गए।
कोयना वन क्षेत्र के पदाधिकारी रामनंदन राम ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वन विभाग की टीम ने मृत जंगली सूअर के कुछ अवशेष बरामद किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रहा है।
