Ashutosh Jha
काठमांडू: नेपाल के गंडकी प्रदेश के मुस्तांग जिले के लोमान्थांग ग्रामीण नगरपालिका-2 स्थित श्री दिव्य दीप माध्यमिक विद्यालय के नए छात्रावास भवन का शनिवार को भारत सरकार की वित्तीय सहायता से संयुक्त रूप से उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के उप-प्रमुख डॉ. राकेश पांडेय और लोमान्थांग ग्रामीण नगरपालिका, मुस्तांग के अध्यक्ष ताशी न्हारबू गुरूंग उपस्थित रहे।
श्री दिव्य दीप माध्यमिक विद्यालय के छात्रावास भवन का निर्माण भारत सरकार की उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (HICDP) के अंतर्गत किया गया है। इस परियोजना का कार्यान्वयन लोमान्थांग ग्रामीण नगरपालिका, मुस्तांग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर लोमान्थांग ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष और अन्य संबंधित हितधारकों ने भारत सरकार द्वारा प्रदान की गई विकास सहायता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस नए बुनियादी ढांचे से लोमान्थांग ग्रामीण नगरपालिका, मुस्तांग में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
HICDP कार्यक्रम की शुरुआत से अब तक भारत सरकार द्वारा नेपाल के सभी सातों प्रांतों में कुल 605 परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इनमें से 64 परियोजनाएं गंडकी प्रदेश में और 18 परियोजनाएं मुस्तांग जिले में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार ने गंडकी प्रदेश में स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्रों में कार्यरत विभिन्न संस्थानों को 126 एम्बुलेंस और 52 स्कूल बसें उपहार स्वरूप प्रदान की हैं। इनमें मुस्तांग जिले को 11 एम्बुलेंस और 6 स्कूल बसें प्रदान की गई हैं।
